अंबाला। अमेरिका भेजने के नाम पर बलाना निवासी परमजीत सिंह से 13 लाख 62 हजार 500 रुपये की धोखाधड़ी की गई है। अंबाला सिटी सेक्टर-9 थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता परमजीत सिंह की तहरीर पर मनदीप सिंह, अशोक कुमार उर्फ बिंद्र व दारा सिंह पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बलाना गांव निवासी परमजीत ने बताया कि इस मामले में पहले एक शिकायत 9 सितंबर को अंबाला के पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई थी। उस समय आरोप था कि बकनौर गांव निवासी मनदीप सिंह, अशोक कुमार उर्फ बिंद्र व धुराला गांव निवासी दारा सिंह संसरवाल ने उसे एक नंबर में अमेरिका भेजने का झांसा देकर 13 लाख 62 हजार 500 रुपये हड़प लिए थे। इसके बाद थाना सेक्टर-9 में समझौता कराया गया था, जिसमें आरोपितों ने 15 अक्टूबर को 3.62 लाख रुपये नकद लौटाने की बात कहीं थी वो भी नहीं दी। आरोपियों ने एवज में 10 लाख रुपये का चेक दिया, वो भी नहीं लगने के आसार है। जब आरोपियों से फोन पर संपर्क करना चाहा तो वो टालमटोल करते रहे। जांच अधिकारी एएसआई सोमदत्त ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।