संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। अंबाला शहर के निकटवर्ती गांव बलाना में गेहूं की फसल में आग के कारण साढ़े 13 एकड़ गेहूं की फसल जल गई। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुख्य फायर अधिकारी अंबाला शहर तरसेम राणा ने बताया कि शाम छह बजे उन्हें फसलों की जलने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने अंबाला शहर से दो फायर गाड़ियों को रवाना किया। एक गाड़ी को नग्गल से बुलवाया गया। इसके साथ साथ मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने भी अपने ट्रैक्टर व हैरो से आग पर एक घंटे में काबू पाया लेकिन इसी दौरान साढ़े 13 एकड़ क्षेत्र में फसल जलकर चुकी थी। समय रहते आग पर काबू पाया नहीं तो आसपास के 50 एकड़ में आग फैल सकती थी।
समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बिजली की तारों के कारण आग लगी है। घटना में बलाना के किसान लखविंद्र सिंह की सात एकड़, परविंद्र सिंह की पांच एकड़, इकबाल की डेढ़ एकड़ फसल जलकर राख हो गई। मुख्य फायर अधिकारी ने बताया गेहूं के सीजन को देखते हुए उन्होंने एक गाड़ी को नग्गल में तैनात किया। इससे समय रहते ग्रामीण क्षेत्रों में आग पर काबू पाया जा सके।