नए-नए नियम बनाकर रेहड़ी-फड़ी वालों को तंग किया जा रहा : चित्रा
फोटो नंबर : 24
रेहड़ी-फड़ी मार्केट वालों के साथ मिलकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने एडीसी को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव चित्रा सरवारा ने रेहड़ी-फड़ी वालों को साथ लेकर एडीसी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। चित्रा सरवारा ने इस दौरान कई अन्य समस्याओं को लेकर भी एडीसी को अवगत कराया और इनके तुरंत निवारण की मांग की। बता दें कि बीते सोमवार को निगम द्वारा प्रति फड़ी 1100 रुपये वसूलने का प्रयास किया गया जिसका कांग्रेस व इनेलो ने विरोध जताया था।
चित्रा ने कहा कि जब से रेहड़ी-फड़ी वाले गांधी ग्राउंड में मार्केट लगाने लगे है तब से निगम अधिकारियों द्वारा नए-नए नियम बनाकर गरीब लोगों को तंग किया जा रहा है। उन्होंने मांग उठाई कि छावनी निवासी रेहड़ी फड़ी वालों को पहचान पत्र दिए जाएं। उचित प्रमाण पत्र के आधार पर अंबाला निवासियों को फड़ी लगाने का एक व्यवसायिक प्रमाण पत्र जारी किया जाए, छावनी के प्रमाणित रेहड़ी फड़ी वालों को प्राथमिकता दी जाए, फड़ी लगाने का किराया कम किया जाए, पीने का पानी, महिलाओं और पुरुषों के लिए शौचालय का प्रावधान, बाजार लगने से पहले ग्राउंड को साफ और समतल करके पानी का छिड़काव कराया जाए, ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए रोड पर ट्रैफिक पुलिस की भी व्यवस्था की जाए, दो सोमवार तक इनको किराये की छूट दी जाए और नगर निगम अधिकारियों द्वारा मौके पर ही इनकी रजिस्ट्रेशन की जाए और पहचान पत्र दिए जाएं। इस अवसर पर उनके साथ पार्षद सुरिंदर तिवारी, सुरेश त्रेहन, गगन डांग, गुलजार सिंह, अविनाश, विजय गुंबर, गुरकिरपाल सिंह जस्सल, दिव्यांशु भाटिया, शोभा क्रांति, कालू, संजय, दीपांशु, अनिल बोह, अशोक शर्मा, रंजीत, विक्की, अक्षय, कमल, भाना राम, मोहित रुद्रा, गुरजातन सिंह बिल्लू, सुमित चौहान, सिद्धार्थ गुलाटी, जगदीश, कमल, सचिन, अर्जुन, बनवारी लाल, भोले, प्रेम, सुरेश, श्यामलाल, बिल्लू, कृष्ण, बच्ची लाल, बिन्नी आदि मौजूद रहे।