भाजपा सरकार बनने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने लगाई लंबी छलांग : विज
कहा- पूरे देश में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने में हरियाणा सरकार सबसे आगे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। भाजपा सरकार के चार साल पूरे होने पर स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि चार सालों में स्वास्थ्य विभाग में महत्वपूर्ण तरक्की हुई है। भाजपा सरकार आने के बाद 2015-16 के आंकड़े के अनुसार शिशु मृत्यु दर 41 से कम होकर 33 हो गई। उसी प्रकार एमएमआर यानि माता मृत्यु दर 135 से घटकर 101 हो गई। सेक्स रेशो 862 से बढ़कर 935 हो गई। साथ ही पूरे देश में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने में हरियाणा सरकार सबसे आगे है। इसी कारण दूसरे राज्यों के खिलाड़ी भी हरियाणा की तरफ से खेलना पसंद कर रहे हैं।
विज ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में हमारी ओपीडी 21 प्रतिशत बढ़ गई है, आईपीडी 20 प्रतिशत बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी लंबी छलांग लगाई है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना हरियाणा में सबसे पहले आरंभ की गई है और उससे लोगों को लाभ मिल रहा है। लगभग 200 प्राइवेट अस्पतालों में भी आज उस योजना के तहत आने वाले मरीज अपना इलाज करवा सकते हैं। लगभग 30-35 अस्पताल एनएपीएच में एग्रिडेशन करवा दिए हैं।
खेल विभाग में हरियाणा सरकार की उपलब्धियों के मामले में विज ने कहा कि हरियाणा पूरे देश में खेल फैक्टरी के रूप में उभरकर सामने आया है। नई प्रतिभाओं को तलाशने के लिए 400 नर्सरियां हरियाणा के स्कूलों में दी गई हैं, जिनमें से 200 नर्सरियों ने काम करना शुरू कर दिया और उन नर्सरियों में जो खिलाड़ी आ रहे हैं, उन्हें 1500 से 2000 रुपये महीना तक सरकार स्टायफंड देगी।