बसों में जगह नहीं, छत पर चढ़ विद्यार्थियों ने किया हंगामा
फोटो नंबर : 50 व 51
विद्यार्थियों के नीचे उतरने तक चालकों ने नहीं चलाई बसें
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। लोकल रूट पर सरकारी बसों की कमी के चलते विद्यार्थी बसों के ऊपर सवार हो रहे हैं। इसी को देखते हुए शुक्रवार सुबह कैंट बस स्टैंड के समक्ष फ्लाईओवर पर बस चालकों ने बसों को रोक दिया। इस दौरान विद्यार्थी बसों के ऊपर चढ़ हंगामा तक करने लगे।
बस चालकों का कहना था कि जब तक छात्र बसों से नहीं उतरेंगे वह बसें नहीं चलाएंगे, क्योंकि ऐसे में यदि किसी छात्र को चोट लग जाती है तो उसका भुगतान कंडक्टर व ड्राइवर को ही करना पड़ेगा। वहीं, छत पर चढ़े छात्रों ने रोडवेज विभाग के खिलाफ नारे लगाए। छात्रों का कहना था कि अंबाला छावनी से शहर में रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए जाते हैं ऐसे में उन्हें पर्याप्त बस सेवा नहीं मिलती। एक तरफ तो सरकार लड़कियों के लिए मुफ्त बस सेवा की घोषणा कर रही है, दूसरी ओर पढ़ने वाली छात्राओं को बस सुविधा भी पूरी तरह से उपलब्ध नहीं करवा रही। रोजाना अनेक छात्राएं थ्रीव्हीलरों में पैसे खर्च करके कॉलेज जा रही हैं। छात्राओं का कहना था कि कुछ समय पहले अंबाला से महिलाओं के लिए छह बसें चलाने की घोषणा की गई थी लेकिन यह बसें ज्यादा दिन तक नहीं चल सकीं और स्थिति पहले जैसी ही हो गई। हालात यह हैं कि छात्राएं बसों में पांव रखते हुए भी डरती हैं। उधर, हंगामे की सूचना बस अड्डा इंचार्ज रामरतन को मिली तो वह मौके पर पहुंचे तथा अंबाला छावनी से नारायणगढ़ जाने वाली बस को तुरंत अंबाला छावनी से शहर विद्यार्थियों को ले जाने के आदेश दिए। राम रतन शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक मैनेजर से मिलकर लोकल बसों के टाइम टेबल भी बनाए जाएंगे।