होलसेलर रिटेल में बेच रहे दवा, एसोसिएशन बोली- सबूत दो
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। हरियाणा स्टेट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की निजी रेस्तरां में हुई मीटिंग में फिर से होलसेलर दवा विक्रेताओं द्वारा रिटेल दवा बिक्री का मुद्दा उठा है। यही नहीं अस्पतालों को कथित रूप से हो रही सीधी दवा की सप्लाई का मामला भी मीटिंग में उठाया गया है। अब एसोसिएशन ने यह मामला सीधे रिटेलरों पर डाल दिया है कि इसकी शिकायत व सबूत दिए जाएं, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार कई होलसेलर रिटेल में भी दवा की बिक्री कर रहे हैं। इसका सीधा असर रिटेल विक्रेताओं पर पड़ रहा है। बताया जाता है कि प्रदेश भर में यही स्थिति है, जिसको लेकर कई बार आवाज उठाई गई।
उल्लेखनीय है कि अंबाला में स्थानीय एसोसिएशन की एक मीटिंग के दौरान भी रिटेल दवा विक्रेताओं ने यह मुद्दा उठाया था। अब एक बार फिर से यह मुद्दा एसोसिएशन की मीटिंग में उठाया गया है। दूसरी ओर कुछ सदस्यों व पदाधिकारियों ने दवा निर्माता कंपनियों द्वारा निजी अस्पतालों को सीधे दवा की सप्लाई देने का मामला भी उठाया है। इसका सीधा असर दवा विक्रेताओं की पूरी चेन पर पड़ रहा है। सदस्य यह भी दावा कर रहे हैं कि आखिरकार यह सब कुछ नियम तोड़ते हुए कैसे हो रहा है, जबकि यदि नियम हैं तो इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की जाती है।
सदस्यों की शिकायत व सबूत पर टिका मामला
जिस तरह से एसोसिएशन की मीटिंग में यह मामला उठाया गया है, उसी तरह इसे लेकर एसोसिएशन भी अपना रुख साफ कर रही है। एसोसिएशन ने कहा है कि यदि ऐसा हो रहा है, तो उसके सबूत दें। यदि सबूत सही पाए जाते हैं तो इस पर एसोसिएशन अपने स्तर पर काम करेगी। इन सभी को लेकर हर स्तर पर बातचीत कर यह सब, जो नियम विरुद्ध हो रहा है, पर कार्रवाई करेगी। अब मामला रिटेलरों पर फिर से टिक गया है कि वे कितनी शिकायतें एसोसिएशन को देगी।
-------------
मनमानियां करने वाली औषधि निर्माता कंपनियों की अनियमितता बरतने वाली इकाइयों की एसोसिएशन पदाधिकारी अथवा सदस्य सूची बना कर भेजें। इन मामलों में कार्रवाई के लिए सबूत चाहिए। यदि सदस्य आदि सबूत देते हैं, तो एसोसिएशन अपना कदम उठाएगी और संबंधित विभाग से बातचीत कर इसे रोकने के उपाय किए जाएंगे। होलसेलरों व रिटेलरों के हितों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।
- अशोक सिंगला, महासचिव, एचएससीएडीए।