अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। प्रशासन ने एक बार तो कॉलेज में लगी हुई भांग की सफाई करवा दी है, लेकिन अब इसके रखरखाव की जिम्मेदारी आपकी है। प्रिंसिपल मैडम आगे से ऐसी शिकायत न आए। यह शब्द एसडीएम सुभाष सिहाग ने वीरवार को कैंट के राजकीय कॉलेज का दौरा करते हुए कॉलेज प्रिंसिपल पूनम वत्स को कहे।
एसडीएम सुबह राजकीय कॉलेज में फैली हुई अव्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे, जहां उन्होंने बीएएमसी विभाग के बाहर रखे हुए खराब कूलर को हटाने के निर्देश दिए और इन खराब कूलरों के स्थान पर जल्द ही नए पानी के कूलर लगाने के लिए कहा। उन्होंने सभी कूलरों की सफाई रखने व पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने कॉलेज ग्राउंड में पिछले दिनों करवाई गई भांग व गंदगी की सफाई का जायजा लिया और प्रिंसिपल को निर्देश दिए कि आगे से अगर कॉलेज से ऐसी शिकायत आती है तो आप पर भी कार्रवाई की जाएगी और अब से इस ग्राउंड की निरंतर सफाई करवाने का जिम्मा भी आपका है। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज के बाहर खड़ी हुई खराब गाड़ियों को भी जल्द नगर निगम टीम की सहायता से हटाने का निर्देश दिया, ताकि कॉलेज के बाहर का माहौल साफ-सुथरा रहे। साथ ही कॉलेज के बाहर के क्षेत्र की भी निरंतर सफाई का नगर निगम टीम को निर्देश दिया।
कॉलेज छात्रों ने रखी अपनी बात
कॉलेज के छात्र साहिल ने भी कॉलेज के बाहर व ग्राउंड में लोगों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी के बारे में एसडीएम को सूचित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को जल्द कॉलेज के बाहर व ग्रांउड की सफाई का आश्वासन देते हुए प्रिंसिपल को नगर निगम टीम की सहायता से सफाई करने के निर्देश दिए।