फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुझे डर लगता है हमारे सिविल अस्पताल को नजर न लग जाए

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

अंबाला कैंट। कार्यक्रम सिविल अस्पताल अंबाला छावनी परिसर में बनने वाले कैंसर केयर सेंटर के शिलान्यास का था, लेकिन स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज अपने भाषण के दौरान बार-बार सिविल अस्पताल का ही गुणगान करते रहे। इस दौरान अंबाला सिटी में विकास कार्यों को लेकर आरोप लगाने वाले विधायक असीम गोयल पर तंज कसना भी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि इस सिविल अस्पताल की चर्चा सिंगापुर तक है। मुझे डर लगता है कि हमारे छावनी के सिविल अस्पताल को किसी की नजर न लग जाए। साथ ही कहा कि कुछ लोग स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार व सुधार की योजनाएं अंबाला छावनी तक सीमित होने का आरोप लगाते हैं। लेकिन, मंत्री पद ग्रहण करते ही सबसे पहले अंबाला शहर अस्पताल को 200 से 300 बेड करने की फाइल पर हस्ताक्षर किए थे।
अनिल विज ने मंगलवार को 56 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कैंसर केयर सेंटर की आधारशिला रखी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को इस सेंटर का कार्य फरवरी, 2019 तक पूरा करने का आदेश देते हुए कहा कि यह सेंटर बनने से अंबाला छावनी को उत्तर भारत के नक्शे पर विशेष पहचान हासिल होगी। चार मंजिला इस अस्पताल भवन का निर्माण स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार के उपक्रम एचएलएल द्वारा किया जाएगा और आज से ही एजेंसी द्वारा निर्माण आरंभ कर दिया गया है। इस सेंटर में कैंसर के सभी प्रकार के मरीजों के उपचार और देखभाल की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसमें केमिकल, रेडियोग्राफी और सर्जरी इत्यादि की सुविधाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने पर्यावरण की मांग के अनुरूप बनने वाले इस अस्पताल में सौर ऊर्जा के प्रयोग के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण के सभी मापदंड अपनाने के भी निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन



छावनी में बनाया गया है देश का सबसे बेहतर सिविल अस्पताल
विज ने कहा कि अंबाला छावनी में स्वास्थ्य सेवाओं की लंबे समय तक उपेक्षा होती रही है और अब वर्तमान सरकार द्वारा 50 करोड़ रुपये की लागत से सभी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त देश का सबसे बेहतर अस्पताल बनाया गया है। इस अस्पताल को न केवल हरियाणा के अन्य जिलों के लोग देखने आते हैं बल्कि सिंगापुर से विदेशी चिकित्सकों का दल भी इस अस्पताल का भ्रमण करके यहां उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना कर चुका है। इससे पूर्व जम्मू कश्मीर, पंजाब और अन्य क्षेत्रों के प्रतिनिधिमंडल भी अस्पताल का निरीक्षण कर चुके हैं। इस अस्पताल में सभी बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ-साथ कैथ लैब, डायलिसिस, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पंचकूला, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। एक वर्ष तक अध्ययन करने के बाद प्रदेश के सभी जिलों में कैथ लैब स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी कैथ लैब में अब तक हृदय रोग से पीड़ित एक हजार से अधिक मरीजों को स्टेंट डाले जा चुके हैं।


स्वास्थ्य सेवाएं छावनी तक सीमित होने का आरोप लगाने वालों को भी दिया जवाब
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कुछ लोग स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार और सुधार की योजनाएं अंबाला छावनी तक सीमित होने का आरोप लगाते हैं। छावनी ही नहीं अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र के चौड़मस्तपुर और नन्यौला, शाहाबाद, कुरुक्षेत्र, जगाधरी, पानीपत, गुरुग्राम सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में नए अस्पतालों का निर्माण और पुराने अस्पतालों में सुधार का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने मंत्री पद ग्रहण करते ही अंबाला शहर अस्पताल को 200 से 300 बेड करने की फाइल पर हस्ताक्षर किए थे। पूर्व सरकारों के कार्यकाल में उपेक्षित रहे प्रदेश के सिविल अस्पतालों में वर्तमान सरकार के प्रयासों से उल्लेखनीय सुधार हुए हैं और सिविल अस्पतालों के प्रति लोगों का विश्वास बहाल हुआ है। उन्होंने कहा कि ओपीडी में 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है और अंबाला छावनी में वर्ष 2014 में 125 मरीज प्रतिदिन की ओपीडी की तुलना में इस समय यह ओपीडी 2000 प्रतिदिन का आंकड़ा पार कर चुकी है। विभाग के प्रयासों से बाल मृत्यु दर 41 से घटकर 33 तथा मातृ मृत्यु दर 127 से घटकर 101 तक पहुंच चुकी है।
विज्ञापन



संजय शर्मा व जगमोहन से गुफ्तगू करते देखे गए विज
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मंत्री विज पहले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा फिर जिलाध्यक्ष जगमोहन कुमार से गुफ्तगू करते रहे। बता दें कि कष्ट निवारण समिति की बैठक में विधायक असीम गोयल के चचेरे भाई रितेश गोयल से संजय शर्मा की सीट को लेकर बहस हुई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें