सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, दूसरा पीजीआई रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
नसीरपुर के निकट एक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आकर एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल उसके दोस्त को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। गांव भड़ी निवासी कपिल की शिकायत पर पुलिस ने पिक अप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कपिल ने शिकायत में कहा कि उसका भाई मोहित (21) लकड़ी का मिस्त्री है। मोहित अपने दोस्त राहुल के साथ बाइक पर अंबाला आ रहा था। शनिवार सुबह करीब पौने नौ बजे जब उसका भाई नसीरपुर पहुंचा तो सामने से आ रही एक तेजी गति की पिक अप ने बाइक को सीधी टक्कर मारी जिससे उसका भाई और दोस्त उछलकर पिक अप से टकराए और सड़क पर जा गिरे। पिक अप का चालक जगतार गांव निवासी दड़वा जिला पटियाला कुछ समय तो वहां रुका लेकिन फिर मोहित और राहुल की गंभीर हालत को देखकर मौके से भाग गया। राहगीरों की मदद से उसने मोहित और राहुल को सिटी सिविल अस्पताल में पहुंचाया जहां मोहित को मृत घोषित कर दिया और राहुल पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।