नोेटिस भेजने के बावजूद नहीं कराया लाइसेंस रिन्यू, डीटीपी ने गिराया निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
रेलवे रोड के पास कचहरी रोड पर हो रहे अवैध निर्माण को डीटीपी की टीम ने शुक्रवार को गिरा दिया। करीब साढ़े पांच एकड़ में कॉमर्शियल दुकानें बनाने के लिए रजिस्ट्री कराई गई थी और जिसका लाइसेंस 2002 से 2004 तक वैध था, इसके बाद लाइसेंस रिन्यू नहीं कराया गया तो विभाग की तरफ से कई बार लाइसेंस रिन्यू करवाने के लिए नोटिस भेजे गए।
शुक्रवार को कार्रवाई के दौरान डीटीपीओ देशराज, विभाग के अन्य अधिकारी, एसएचओ सिटी अजीत सिंह, एसएचओ सदर मेहर सिंह, एसएचओ रजनीश सहित भारी पुलिस बल मौजूद था। विभाग ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई। डीटीपी विभाग का कहना है कि इस जमीन पर बिना परमिशन और बिना नक्शा पास कराए दुकानें और शोरूम बनाए जा रहे हैं। इसके चलते यह कार्रवाई की गई। जानकारी मुताबिक विभागीय टीम ने जेसीबी की सहायता से यहां बन रहे आठ निर्माणाधीन बूथों, दो शोरूम की नींव और एक शोरूम का शटर तुड़वाया। जानकारी मुताबिक डीटीपी द्वारा भेजे नोटिस के बाद जब लाइसेंस रिन्यू नहीं कराया गया तो 2015 में यह जमीन सरकार ने अपने कब्जे में ले ली थी। उसके बाद भी यहां निर्माण कार्य की सूचना मिलने पर शुक्रवार को डीटीपी की टीम ने यह निर्माण गिराया।
लाइसेंस रिन्यू न करवाने पर 2015 में यह जमीन सरकार ने ओवरटेक कर ली थी। शुक्रवार को इस अवैध निर्माण को धराशायी कर दिया गया है। अब इसकी रिपोर्ट हेड ऑफिस भेजी जाएगी उसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। -देशराज, डीटीपी, अंबाला।