अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम को सीबीआई कोर्ट द्वारा दोषी करार देने के बाद भड़की हिंसा का असर रेलवे व पूरी तरह से दिखाई दिया। हरियाणा व पंजाब में शुक्रवार रेल परिचालन ठप रहा। रेलवे ने डेरा समर्थकों द्वारा की जा रही हिंसा के मद्देनजर अंबाला-दिल्ली, अंबाला-सहारनपुर, अंबाला-चंडीगढ़, अंबाला-लुधियाना रेल मार्ग पूरी तरह से ठप रहा, जबकि रेलवे ने हरियाणा पंजाब आने जाने वाली करीब 125 ट्रेनों को रद्द किया है। दूसरी ओर रोडवेज बसों के पहिये भी थमे रहे, जबकि आवाजाही के लिए यात्रियों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ी। अंबाला रेल मंडल के दो रेलवे स्टेशनों पर डेरा समर्थकों का हमला, पेट्रोल बम फेंक कर आग लगाई, कर्मचारियों के कार्यालय में भी पेट्रोल बम फेंके।
शुक्रवार को आए फैसले के दिन अंबाला मंडल ने ट्रेनों का परिचालन नहीं किया। इस कारण से अंबाला दिल्ली, अंबाला सहारनपुर, अंबाला चंडीगढ़, अंबाला लुधियाना ठप रहा और यात्रियों को परेशानियां झेलनी पड़ीं। कुछ ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द किया, जबकि कईं ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रद्द (शार्ट टर्मिनेट) किया गया। इस कारण से गाड़ी संख्या 64512 को रोपड़, 64516 को सरहिंद, गाड़ी संख्या 64518 को नंगलडैम, 75645, 12325, 12232 को अंबाला कैंट, 54540 को केसरी, 05717 व 54539 को सहारनपुर, 54560 को बालाना तथा 12012 कालका में रद्द किया गया। इसी तरह गाड़ी संख्या 14218, 22926, 12984 भी 26 अगस्त को भी रद्द रहेंगी। दूसरी ओर अंबाला मंडल ने पंजाब व हरियाणा में आने जाने वाली ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से ठप रखा, जबकि शुक्रवार को आगामी सूचना तक यही स्थिति रखी। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों का इंतजार करते रहे, जबकि इस दौरान कोई ट्रेन नहीं चली। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उधर, अंबाला मंडल के तहत आने वाले पंजाब के मलोट और बलवाना रेलवे स्टेशनों पर डेरा समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान डेरा समर्थकों ने इन दोनों रेलवे स्टेशनों पर पेट्रोल बम फैंके। इस कारण से इन दोनों स्टेशनों के कुछ हिस्सों में आग लग गई। इतना ही नहीं स्टेशन पर ही अधिकारियों के कार्यालयों में भी पेट्रोल बम फैंके गए, जबकि अधिकारियों व कर्मचारियों ने किसी तरह से खुद को बचाया।
------------
स्टेशन पर यात्रियों की जीआरपी से बहस
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों की बहस जीआरपी से हो गई। जीआरपी अधिकारी व कर्मचारी जहां सुरक्षा का हवाला देते हुए इन यात्रियों को वापस भेज रही थी, वहीं यह यात्री अपने गंतव्य तक जाने के लिए अड़े हुए थे। ऐसे में यात्रियों की जीआरपी अधिकारियों से जमकर बहसबाजी हुई। काफी देर तक इन यात्रियों को जीआरपी ने समझाया, लेकिन यह स्टेशन परिसर पर ही टिके रहे।
---------------
नहीं चली बसें, यात्री परेशान
डेरा समर्थकों की हिंसा को देखते हुए जिला भर में रोडवेज व प्राइवेट बसें नहीं चलीं। अंबाला कैंट, सिटी, शहजादपुर, नारायणगढ़ बस स्टैंड से एक भी बस नहीं चली। इस कारण से यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अंबाला कैंट बस स्टैंड के बाहर ओवरब्रिज के नीचे इन यात्रियों ने डेरा जमा लिया। काफी देर तक यह सभी इंतजार करते रहे, जबकि अन्य प्राइवेट वाहन भी शुक्रवार को काफी कम चले, जबकि सीबीआई कोर्ट का फैसला आने के बाद तो यह प्राइवेट वाहन भी नहीं चले।
-------------------
किले में तब्दील अंबाला कैंट स्टेशन
उधर, उत्तर भारत के प्रमुख अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन को जीआरपी, आरपीएफ व अर्ध सैनिक बल द्वारा सुरक्षित किले में तब्दील कर दिया गया। स्टेशन पर आने वाले लोगों की तलाशी के अलावा उनके पूछताछ की जा रही थी। स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर नजर रही। दिनभर एक भी ट्रेन कैंट स्टेशन से नहीं चली जिस वजह से यात्री बेहाल रहे। वह बस स्टैंड की ओर गए मगर वहां से भी बसों का परिचालन नहीं हुआ।
-----------------------
कोट्स
अंबाला मंडल ने पंजाब व हरियाणा में आने-जाने वाली ट्रेनों का संचालन बंद रखा है। इसी को लेकर शुक्रवार देर रात समीक्षा बैठक की जाएगी, जिसके बाद ही 26 अगस्त को ट्रेनों के संचालन को लेकर फैसला लिया जाएगा। मंडल के तहत आने वाले दो रेलवे स्टेशनों मलोट व बलवाना पर हिंसा हुई, जबकि पेट्रोल बम भी फेंके गए।
- दिनेश कुमार, डीआरएम अंबाला रेल मंडल