अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
अमृतसर से बांद्रा टर्मिनल जाने वाली पश्चिम एक्सप्रेस के पैंट्री कार में रेल मंडल की सीनियर डीसीएम प्रवीण द्विवेदी ने स्टाफ सहित छापा मारा। छापे के दौरान पैंट्री कार में गंदगी मिली। इतना ही नहीं पैंट्री कार स्टाफ द्वारा ट्रेन में वह चिप्स यात्रियों को दिए जा रहे थे जोकि एप्रू्व ही नहीं थे। चेकिंग के बाद मामले में कार्रवाई के लिए रेल मुख्यालय स्तुति कर दी गई है।
दोपहर को कैंट स्टेशन पर पश्चिम एक्सप्रेस के आते ही सीनियर डीसीएम के अलावा हेल्थ इंस्पेक्टर हुक्म चंद व अन्य स्टाफ जांच के लिए पैंट्री कार में दाखिल हुए। स्टाफ ने इस दौरान खाने-पीने की वस्तुओं को जांचा। सब्जियां व राशन सही मिली, मगर पैंट्री कार में गंदगी पड़ी थी। गंदगी के बीच यहां पर यात्रियों के लिए खाना बनाया जा रहा था। यह देख सीनियर डीसीएम ने पैंट्री स्टाफ को कड़ी फटकार भी लगाई। खाना बनाने के आसपास जगह पर व्यापक स्तर पर सफाई नहीं थी। इसके अलावा ट्रेन में अनअप्रूव चिप्स भी धड़ल्ले से बेचे जा रहे थे। चेकिंग के उपरांत मामले की लिखित रिपोर्ट रेल मंडल द्वारा मुख्यालय भेजी गई है। इससे पहले सुबह स्वराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस में भी सीनियर डीसीएम व अन्य अधिकारियों द्वारा चेकिंग की गई। हालांकि ट्रेन में सब कुछ सामान्य मिला। अंबाला के अलावा मंडल के अधीन आने वाले सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर भी एसीएम के नेतृत्व में स्टाल चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें कुछ स्थानों पर स्टाफ को अनियमितताएं मिली।
1.35 लाख वसूला जुर्माना
रेल मंडल द्वारा शुक्रवार को सहारनपुर स्टेशन पर स्पेशल चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 156 यात्री बिना टिकट पकड़े गए जबकि अन्य कई मामले भी सामने आए। कामर्शियल स्टाफ ने चेकिंग के दौरान कुल 336 केस पकड़े जिनमें 1.35 लाख रुपये जुर्माने के तौर पर यात्रियों से वसूले गए। चेकिंग में 48 टीटीई व पांच आरपीएफ जवान शामिल थे।