अंबाला सिटी। अपोलो सर्कस संचालकों के खिलाफ सिटी पुलिस ने सोमवार देर शाम मामला दर्ज कर लिया है। मामले की शिकायत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी द्वारा पुलिस से की गई जिसके बाद यह एक्शन लिया गया।
बता दें कि गत दिनों एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने छापा मारकर सर्कस से आठ नाबालिग युवतियों को बरामद किया था। युवतियों ने जांच में टीम सदस्यों को बताया था कि उनसे जबरन सर्कस में काम करवाया जाता है। इनमें से कई युवतियां तो टीम सदस्यों को देखकर रोने तक लगी थी। कार्रवाई के दौरान सभी लड़कियों की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने काउंसिलिंग की जिसके बाद पूरे मामला का खुलासा हुआ था। कमेटी ने अब जिला पुलिस को सर्कस संचालकों के खिलाफ शिकायत दी जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने अब जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में पुलिस अब सादी वर्दी पहनकर जांच करेगी। जल्द सर्कस संचालकों के अलावा युवतियों के भी बयान पुलिस द्वारा दर्ज किए जाएंगे। दूसरी ओर कमेटी सदस्यों ने युवतियों के परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी है और कमेटी सदस्य उनके संपर्क में है।