अंबाला सिटी। डीसी प्रभजोत सिंह ने कहा कि 13 से 15 जून तक पुलिस लाइन मैदान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, आम नागरिकों को योगाभ्यास करवाया जाएगा। यह योगाभ्यास पतंजलि योग समिति और आयुष विभाग के विशेषज्ञों की ओर से प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक करवाया जाएगा। उन्होंने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे न केवल स्वयं इस प्रशिक्षण शिविर में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें बल्कि स्टाफ कर्मचारियों को भी शिविर में भाग लेने के लिए आदेश जारी करें। डीसी एनआईसी कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास कार्यक्रमों और 21 जून के मुख्य कार्यक्रम के प्रबंधों की समीक्षा कर रहे थे। 21 जून को पुलिस लाइन मैदान अंबाला शहर में लगभग 3500 प्रतिभागी सामूहिक तौर पर योग प्रदर्शन करेंगे। 20 जून को पुलिस लाइन मैदान से मैराथन भी आरंभ होगी। डीसी प्रभजोत सिंह ने बताया कि जिला के तीन उपमंडलों नारायणगढ़, बराड़ा और अंबाला कैंट में भी उपमंडल स्तर के योग दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे। बैठक में एडीसी आरके सिंह, एसडीएम मोनिका गुप्ता, सतेंद्र सिवाच, सुभाष चंद्र सिहाग आदि मौजूद रहे।