अंबाला कैंट। सुभाष पार्क के निकट अंतरराष्ट्रीय स्तर के बनाए जा रहे बैडमिंटन हाल में सुविधाओं के विस्तार के लिए खेल मंत्री अनिल विज ने 2.97 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट का प्रावधान करवाया है। हाल के निर्माण के लिए पहले 1.57 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध करवाया गया था लेकिन खेल मंत्री ने स्टेडियम में वीआईपी गैलरी, मीडिया गैलरी सहित अन्य सुविधाओं में विस्तार के निर्देश के कारण इसका बजट 4.54 करोड़ रुपये किया गया है। मंत्री के मीडिया सलाहकार डॉ. अनिल दत्ता ने बताया कि हाल का निर्माण ओलंपिक मापदंडों के अनुसार किया जा रहा है और खेल मंत्री के निर्देश पर दर्शक दीर्घा, बैडमिंटन एसोसिएशन कार्यालय, मीडिया गैलरी, वुडन फ्लोर, वीआईपी के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, फॉल सीलिंग और पोर्च इत्यादि के डिजाइन में भी परिवर्तन किया गया है।