- दुखेड़ी, साबापुर, शेरगढ़, कालपी व मिर्जापुर सहित कई गांवों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। जिले के 13 संपर्क मार्गों का 4.55 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। वर्षों से जर्जर और संकरी सड़कों से परेशान ग्रामीणों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के प्रांतीय मंडल नंबर-2, अंबाला कैंट ने एससीएसपी योजना के तहत इन कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। परियोजना की अनुमानित लागत 4,55,44,298 रुपये निर्धारित की गई है।
इन सड़कों के सुधरने से आसपास के गांवों के किसानों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को लाभ मिलेगा। प्रस्तावित कार्यों में सड़क चौड़ीकरण, मरम्मत, पैरापेट का सुदृढ़ीकरण, इंटरलॉकिंग और सीसी ब्लॉक लगाने के साथ नई सड़क परत बिछाना शामिल है। इससे गड्ढों और जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। सड़क सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टिव रोड स्टड, थर्मोप्लास्टिक मार्किंग और चेतावनी व दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाए जाएंगे। इससे रात और कोहरे के दौरान वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इन 13 मार्गों पर होंगे काम
निविदा के ग्रुप-1 में रोड आईडी 1, 6, 49, 308, 310, 340, 392, 7786, 7791, 7796, 7798, 9243 और 10534 के तहत 13 संपर्क मार्ग शामिल हैं। इनमें साहा-शाहबाद रोड से शेरगढ़, दुखेड़ी-चुडियाली, बरा-बाबाहेड़ी, गोला-सांबापुर, मेहवाखेड़ी रोड से खेड़ा वाया एचबी, नए हरियाणा स्टेट हाईवे से हर्रा-हर्री और मोहड़ा-दुरना रोड से सहाबपुर-मंसूरपुर संपर्क मार्ग प्रमुख हैं। इसके अलावा सांबापुर-मलिकपुर, कालपी संपर्क मार्ग और अंबाला-बरौला रोड से थरवा वाया मिर्जापुर मार्ग भी शामिल हैं।
मानकों के अनुसार होगा निर्माण
विभाग ने निर्माण कार्यों में एमओआरटीएच और आईआरसी के निर्धारित मानकों के अनुसार सामग्री और तकनीकी प्रक्रिया अपनाने का प्रावधान किया है। पुराने सामान की रिकवरी से संबंधित मदों में नियमानुसार कटौती भी की जाएगी। कार्य पूरा होने के बाद मुलाना क्षेत्र के ग्रामीण संपर्क मार्गों की स्थिति बेहतर होने और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।
इच्छुक और पात्र संवेदक हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल तथा ई-टेंडरिंग पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन बोली प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। बोली जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर को शाम 5 बजे निर्धारित की गई है, जबकि उसी दिन शाम 5:05 बजे बिड खोली जाएगी।
- जसविंदर सिंह, नोडल अधिकारी,पीडी-II, अंबाला