जिले में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात इतने बद्तर हो चुके हैं कि पिछले करीब सवा माह में 24 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है, जोकि पिछले सात महीने में औसतन सबसे ज्यादा है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अब ऑक्सीजन की व्यवस्था के साथ-साथ अस्पतालों में बेड के बंदोबस्त भी पुख्ता कर दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
जिले के चार तीन नागरिक अस्पताल और सीएचसी और मुलाना मेडिकल कॉलेज और मिशन अस्पताल में 535 बेड कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए सुुरक्षित कर दिए गए हैं। वर्तमान की बात करें तो 106 कोरोना संक्रमित मरीजों की सांसें इस समय वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर चल रही हैं। जिले में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 1396 हैं। इनमें से करीब 130 कोरोना मरीज अस्पतालों भर्ती हैं। शेष होम आईसोलेट किए गए हैं। जिले के वैक्सीन स्टोर में कोरोना वैक्सीनेशन की 52 हजार डोज सुरक्षित हैं। इनमें 11 हजार से ज्यादा डोज इस समय कोवैक्सीन की भी उपलब्ध हैं।
शनिवार को सामने आए 123 नए केस
कोरोना के बढ़ते कहर के बीच शनिवार को 123 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि राहत भरी खबर यह रही की चार दिनों से चल रहा मौत का सिलसिला शनिवार को थम गया है। अभी तक जिले में कोरोना से 171 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 10 मौत इसी अप्रैल माह में और 14 मौत गत माह में हुई थी। अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 15 हजार 412 हो गई है। शनिवार को जिले में 88 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। इस तरह अभी तक 13 हजार 845 मरीज कोरोना से मुक्त हो चुके हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या अब 1396 हो गई है।
2 लाख 80 हजार लिए जा चुके सैंपल
जिले में अभी तक 2 लाख 80 हजार 788 कोरोना के सैंपल लिए जा चुके हैं। उनमें से 41 हजार 424 एंटीजन किट से लिए गए हैं। जिले में प्रति दस लाख की जनसंख्या पर 2 लाख 48 हजार 926 सैंपल लिए गए हैं। लगातार एक्टिव मरीज बढ़ने से रिकवरी रेट घटकर 89.83 रह गई है, जबकि मृत्यु दर बढ़कर 1.10 फीसदी पहुंच गई है।
यहां से मिले नए केस
शनिवार को अंबाला सिटी से 58, अंबाला कैंट से 23, शहजादपुर से 7, मुलाना से 6, बराड़ा से 5, नारायणगढ़ से 1 और 23 मरीज चौड़मस्तपुर से आए हैं। इसमें कक्कड़ माजरा, शालीमार बाग अंबाला कैंट, इंद्रपुरी अंबाला सिटी, ग्रेटर कैलाश कॉलोनी अंबाला सिटी, कृष्णा कॉलोनी अंबाला सिटी, ओल्ड पोस्ट ऑफिस रोड अंबाला सिटी, बांस मोहल्ला अंबाला सिटी, राम नगर अंबाला सिटी, मनाली हाउस अंबाला सिटी, काजीवाड़ा अंबाला सिटी, अंबा विहार अंबाला सिटी, टूंडला, पटेल नगर अंबाला सिटी, जोगीवाड़ा अंबाला सिटी, प्रेमनगर अंबाला सिटी, दुर्गा नगर अंबाला सिटी, शालीमार विहार अंबाला सिटी, विकास विहार अंबाला सिटी, टिंबर मार्केट अंबाला कैंट और मोहड़ा से 1-1 केस मिला है। इसके अलावा सेक्टर 9, मॉडल टाउन अंबाला सिटी, विजय नगर अंबाला सिटी से 3-3, सेक्टर 10, साहा और छावनी के गणेश विहार से 2-2 केस सामने आए हैं।
टीकाकरण में अंबाला नंबर वन
जनसंख्या घनत्व के हिसाब से बात करें तो अंबाला में पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया है। जिले में अभी तक करीब एक लाख 96 हजार 454 लोगों को कोरोना वैक्सीनेशन लगाई जा चुकी है। सिर्फ 0.7 फीसदी वेस्टेज हुई है। यानी एक हजार वायल पर 7 वायल ही खराब गई हैं। 11 अप्रैल से ज्योति बा फूले जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वैक्सीनेशन महोत्सव मनाया जाएगा। जोकि 14 अप्रैल यानी डॉ. भीव राव आंबेडकर जन्मदिवस तक जारी रहेगा।
90 मिनी कंटेनमेंट जोन बनाए
वहीं, दूसरी ओर जिले में अभी तक करीब 90 मिनी कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। दरअसल जिन परिवारों से दो या इससे अधिक सदस्य संक्रमित हैं उन्हें मिनी कंटनेमेंट जोन घोषित किया गया है। हालांकि ऐसे घरों में खाने तक की व्यवस्था प्रशासन को करनी होती है लेकिन अभी ऐसा नहीं हो रहा।
किस अस्पताल में कितने कोरोना संक्रमित मरीज
अंबाला शहर नागरिक अस्पताल 28
अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल 26
मिशन अस्पताल अंबाला शहर 45
मुलाना मेडिकल कॉलेज 15
हिलिंग टच 15
आईसीयू की भी कर दी गई है व्यवस्था
कोरोना की कैसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मुलाना मेडिकल कॉलेज में 35, अंबाला के नागरिक अस्पतालों में 13 और दो वेंटलेटर की व्यवस्था मिशन अस्पताल में करते हुए यहां आईसीयू की व्यवस्था पुख्ता करवा दी है। इसी तरह दो वेंटिलेटर की व्यवस्था कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए हिलिंग टच में भी उपलब्ध है। इसी तरह 12 बाइपेप सरकारी हैं जबकि 10 प्राइवेट अस्पतालों में।
शनिवार को 106 नए केस सामने आए हैं। हमारे पास पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध है। आईसीयू की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है। हर स्थिति से निपटने के लिए हम सक्षम हैं। लोगों से निवेदन है कि कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन जरूर लगवाएं। साथ ही बिना मास्क लगाए घर से बाहर न निकलें।
- डॉ. सुखप्रीत, नोडल अधिकारी।