22 से नालों की सफाई का कार्य सुनिश्चित करें निगम अधिकारी : उपायुक्त
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। बाढ़ नियंत्रण प्रबंधों को लेकर किए जाने वाले कार्यों के बारे में बुधवार को उपायुक्त कार्यालय में डीसी शरणदीप कौर बराड़ की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने बाढ़ नियंत्रण प्रबंधों को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सिंचाई विभाग, जनस्वास्थ्य, नगर निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को बेहतर समन्वय बनाते हुए इन कार्यों को करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के मौसम में आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान उन्होंने मच्छौंडा ड्रेन, नन्हेड़ा ड्रेन, टांगरी नदी से जुड़े कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिये कि वे सिंचाई विभाग द्वारा जो कार्य किये गये हैं, उनका जायजा लें और उसकी रिपोर्ट दें। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे 22 अप्रैल से नालों की सफाई व्यवस्था का कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे से संबंधित अधिकारियों की बैठक भी लें ताकि यदि रेलवे से (नालों की सफाई से जुड़ा) कोई मामला है तो आपसी तालमेल से बेहतर समन्वय बनाकर उसे भी करना सुनिश्चित करें।
डीसी ने बताया कि नदियों व नहरों के नजदीक पहले से ही सूचना पट्ट लगवाना सुनिश्चित करें कि नहरों में बच्चों और बड़ों के प्रवेश पर निषेध है। इसके साथ-साथ गांव के पास जहां नहरें हैं वहां पर भी नियमित रूप से मुनियादी करवाएं। उन्होंने बाढ़ नियंत्रण के संबंध में एयर फोर्स के अधिकारियों के साथ भी बैठक करने को कहा ताकि एयर फोर्स से जुड़ी कोई समस्या है उसका समाधान किया जा सके।