महज कुछ घंटों तक ही रहा इनेलो-बसपा का बंद
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी/कैंट। इनेलो-बसपा द्वारा संयुक्त रूप से किए गए हरियाणा बंद का आह्वान महज कुछ घंटों का ही साबित हुआ। केवल कुछ समय के लिए दुकानें बंद हुईं जबकि अधिकतर समय दुकानदारों ने इस बंद को पूरी तरह से नकार दिया। बंद को सफल बनाने के लिए जिलेभर में इनेलो-बसपा कार्यकर्ता बाजारों में उतरे। जहां-जहां कार्यकर्ता पहुंचे वहां-वहीं दुकानदारों ने अपने शटर गिरा दिए, मगर उनके निकलते ही कुछ समय बाद फिर से दुकानें खोल दी गईं। दोपहर बारह बजे तक यह स्थिति रही जिसके बाद बाजार खुले रहे। इनेलो-बसपा नेताओं ने दावा किया कि बंद पूर्ण रूप से सफल रहा, मगर हकीकत इससे कोसों दूर रही। वहीं दूसरी ओर बंद के आह्वान को लेकर कहीं हालात न बिगड़ें, इसके लिए विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। कार्यकर्ताओं पर पुलिस की पैनी नजर रही। जबरन दुकानें बंद कराने की स्थिति में विवाद उत्पन्न हो सकता था, मगर इनेलो-बसपा द्वारा बंद का आह्वान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
बाजारों में कार्यकर्ताओं ने किया मार्च
बंद के आह्वान को लेकर सुबह ट्विन सिटी में इनेलो-बसपा कार्यकर्ता एकजुट हुए। सिटी में सदर बाजार तो सिटी में जगाधरी गेट से कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बाजारों में मार्च किया। बाजारों को बंद कराने के लिए दुकानदारों से आह्वान किया गया। कार्यकर्ताओं के हुजूम को देखते हुए दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। कैंट में सदर बाजार, राय मार्केट, डीसी रोड, निकलसन रोड आदि क्षेत्रों से कार्यकर्ता निकले जबकि सिटी में जगाधरी गेट, कपड़ा बाजार, पुरानी अनाज मंडी, अग्रसेन चौक, प्रेम नगर में मार्च किया गया। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं के जाते ही पुन: दुकानें खोल ली गईं जबकि कुछ बाजारों में दोपहर बारह बजे तक यही स्थिति चलती रही। मौके पर स्टेट कार्यकारिणी सदस्य मक्खन सिंह लबाना, जिलाध्यक्ष शीशपाल जंधेड़ी, व्यापार सेल जिलाध्यक्ष ओंकार सिंह, सुरजीत सिंह सौंडा, सुरजीत सोंडा, शम्मी सोंडा, लाली भानोखेड़ी, हलका प्रधान रामकुमार बटरोहन, पंकज भारद्वाज, दलबीर पूनिया, युवा जिलाध्यक्ष अमरिंदर सिंह सोंटा, बसपा के वरिष्ठ नेता कर्मबीर सेगता, डॉ. बलबीर, मलकीत, राजा राम, पवन मौजूद रहे।
इन मुद्दों के विरोध में किया था बंद का आह्वान
नोटबंदी, डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट, डीजल-पेट्रोल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि, घरेलू गैस सिलिंडर महंगे करने, एसवाईएल नहर का पानी लाने, दादूपुर-नलवी नहर निर्माण, जीएसटी, महंगाई, कानून व्यवस्था और जनहित मुद्दों को लेकर बंद का आह्वान किया गया था।
-------------------------------------
नारायणगढ़ और बराड़ा में रहा मिला-जुला असर
नारायणगढ़/बराड़ा/शहजादपुर/साहा/मुलाना।
नारायणगढ़, बराड़ा, शहजादपुर और साहा आदि क्षेत्रों में भी बंद का मिला-जुला असर रहा। कार्यकर्ताओं ने बाजारों में पैदल मार्च किया और दुकानों को बंद करने का आह्वान किया। बाजारों को कार्यकर्ताओं के आह्वान पर बंद किया गया, मगर उनके निकलते ही बाजार पुन: खुल गए। मुलाना व बराड़ा में इनेलो कार्यकर्ताओं की ज्यादा संख्या होने की वजह से अधिक पुलिस बल तैनात रहा। इनेलो व बसपा नेताओं जगमाल सिंह, हरबिलास रज्जुमाजरा, मदन चानना, नवीन अग्रवाल, तेजपाल शर्मा, सुशील, बसपा नेता सोशल एक्टिविस्ट एडवोकेट धर्मवीर ढींडसा, नरेंद्र बसपा हलका प्रधान, डॉ. अमरनाथ बाल्टी, राजू धनोरा, तेजपाल शर्मा, रामसिंह कोड़वा राजेश नन्हेड़ा, राजू वोहरा, दया रानी दुखेड़ी प्रदेश उपाध्यक्ष एससी सेल इनेलो व हलका अध्यक्ष सरदार अवतार सिंह शेरगिल, बलविंदर सिंह, करनैल सिंह, अमन ढकोला, सपटर सिंह, मोहिंदर सिंह, रविंद्र गुर्जर आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।
वहीं, इनेलो के पूर्व विधायक चौ. राजबीर सिंह बराड़ा की अध्यक्षता में महाराणा प्रताप चौक से लेकर मुख्य बाजार तक इनेलो कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों को दुकानें बंद कर इसमें शामिल होने की अपील की। महाराणा प्रताप चौक, रेलवे स्टेशन, राजौली मार्ग व अधोया मार्ग पर कार्यकर्ताओं ने बंद में सहयोग मांगा।