नियम कानून हाशिये पर, सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़। प्रशासन अधिकारियों के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए खनन सामग्री से भरे ओवरलोड वाहनों का कालेज मार्ग पर आवागमन क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सुभाष चौक से गांव कुल्लड़पुर तक अनेक लोगों ने कई बार इन वाहनों को रोकने के लिए सड़क पर जाम भी लगाया। नगर पार्षद सुधा शर्मा की अगुवाई में इसी क्षेत्र के अनेक लोग तत्कालीन एसडीएम मोनिका गुप्ता से भी मिले, लेकिन फिर भी अब तक इन वाहनों से निजात नहीं मिल पाई है।
यह हैं हालात
कालेज मार्ग पर राजकीय महाविद्यालय सहित तीन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा एक राजकीय प्राथमिक पाठशाला स्थित है। इसमें पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों के साथ-साथ क्षेत्र में लगते गांव के ग्रामीणों का भी दिनभर आना-जाना जारी रहता है। तत्कालीन एसडीएम मोनिका गुप्ता ने इन लोगों की मांग पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सुभाष चौक से कॉलेज जाने वाले मार्ग के आरंभ पर ही चेतावनी बोर्ड लगवा दिया था जिसके अनुसार प्रात: 7 से सायं 7 बजे तक ओवरलोड वाहनों का इस मार्ग पर आना-जाना बंद कर दिया था। कुछ दिन तक तो इन निर्देशों की वाहन मालिकों/चालकों द्वारा सख्ती से पालना की गई, परंतु अब फिर से इस मार्ग से ओवरलोड वाहनों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। तेज रफ्तार इन ओवरलोड वाहनों के चलने से सड़क की दशा यह बन चुकी है कि देखने में लगता है कि सड़क में गड्ढे नहीं बल्कि गड्ढों में सड़क है।
यह कहते हैं लोग
क्षेत्र के लोगों गुरपाल सिंह, शेर सिंह, बरखा राम, राजा राम, रवि, देवकी नंदन, शिव कुमार, बृजमोहन, अरुण कुमार, इंद्र कुमार, कुलविंद्र सिंह, पंकज, अनिल कुमार, जगदीश चंद आदि का कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही इन ओवरलोड वाहनों के इस मार्ग पर चलने पर रोक नहीं लगाई तो उन्हें सड़क पर उतरने के लिए विवश होना पड़ेगा।
------
प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना कर बेखौफ सड़क पर चलने वाले ओवरलोड वाहनों से सख्ती से निपटा जाएगा।
-हरभजन सिंह, थाना प्रभारी।