अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। पिछले कई दिनों से तंदुरा बाजार में सड़क निर्माण के कार्य ठेकेदार द्वारा सही ढंग से न किए जाने पर शुक्रवार को स्थानीय दुकानदारों ने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी कर जमकर रोष जताया।
स्थानीय दुकानदार हीरा लाल, नवीन शर्मा, नरेंद्र कत्याल, कृष्ण लाल आहूजा, आशु गुप्ता, धर्मपाल, गुलशन, गोलू आदि का कहना है कि तंदुरा बाजार में पिछले एक महीने से सड़क निर्माण व नालियों का कार्य चल रहा है, लेकिन ठेकेदार निर्माण कार्य में अपनी मनमर्जी कर रहा है। हालांकि सड़क निर्माण आरंभ होने से पूर्व कोतवाली बाजार, तंदुरा बाजार, पुरानी अनाज मंडी तक एक लेवल की सड़क बनाने की बात कही गई थी, लेकिन ठेकेदार अब अपनी मनमर्जी करते हुए कही से सड़क को तोड़कर बनाने और कही से कंकरीट सड़क पर इंटरलॉकिंग टाईल लगाने की बात कर रहा है। जिसका खामियाजा तंदुरा बाजार के दुकानदारों को भुगतना पड़ सकता है।
दुकानदारों का कहना है कि जब ठेकेदार से पूरे बाजार में एक लेवल की सड़क बनवाने की बात करते है तो वे झगड़ा करने पर उतारू हो जाता है। हालांकि मामले को दुकानदारों ने नगर निगम कमिश्नर के नोटिस में भी डाला हुआ है, लेकिन जब कोई समस्या का हल होते नही दिखा तो दुकानदारों ने एकत्रित होकर डीसी ऑफिस में सिटी मजिस्ट्रेट व सीएम विंडो पर ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दी है और पूरे बाजार का सड़क का एक लेवल से निर्माण करने की मांग कि है।