अंबाला छावनी बस स्टैंड पर छाया कोहरा और बस की इंतजार में दूसरे काउंटर पर जाते यात्री। संवाद
अंबाला। कड़ाके की ठंड और कोहरे के कारण रोडवेज की लंबे मार्ग की करीब 12 बसें एक से ढाई घंटे की देरी से अपने गंतव्य तक पहुंचीं। इसमें दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-लुधियाना,दिल्ली-जालंधर, दिल्ली- पटियाला, दिल्ली-चंडीगढ़ सहित अन्य बसें शामिल हैं। रोडवेज चालक हाइवे पर लगी सफेद पट्टी को देखकर ही बस गति का आंकलन कर रहे हैं। जहां पर हाइवे से सफेद पट्टी धुंधली या फिर गायब हो जाती हैं वहां पर चालक बस को और भी धीमी गति से चला रहे हैं। ऐसे में चालक और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर स्थित रोडवेज वर्कशाप से रोडवेज की पहली बस सुबह तीन बजे निकलती है जो अंबाला छावनी बस स्टैंड से यात्रियों को लेकर कालका और बद्दी के लिए रवाना होती है। इसके बाद से वर्कशाप से बसों का निकलने का सिलसिला शुरू हो जाता है जो सुबह छह बजे तक रोडवेज की करीब 25 बसें शिमला, दिल्ली, पटियाला, लुधियाना, अमृतसर, जालंधर, जयपुर व अन्य मार्गों पर रवाना हो जाती है। लेकिन इन दिनों कोहरे के कारण यह बसें सही समय पर अपने मार्ग की ओर रवाना तो हो जाती है, लेकिन गंतव्य पर देरी से पहुंच रही है। रास्ते में जहां जहां कोहरा ज्यादा होता है वहां पर चालक बसों को बहुत ही सावधानी से चला रहे हैं। इसके लिए वह फॉग लाइट का भी सहारा ले रहे हैं।
कोहरे और ठंड को देखते हुए रोडवेज की लंबे मार्ग की बसें वर्कशाप से समय पर निकल रही हैं लेकिन रास्ते में घने कोहरे के कारण देरी से पहुंच रही हैं।
- अश्वनी डोगरा, महाप्रबंधक, अंबाला डिपो