अंबाला। ट्रेन के माध्यम से पंजाब भेजी जा रही नशे की खेप को जीआरपी और सीआईए ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान कब्जे में लिया। यह कार्रवाई अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म 7 पर बुधवार दोपहर को हुई।
सीआईए प्रभारी जोगिंदर सिंह ने बताया कि रेलवे के एसपी राजेश कालिया के निर्देश पर ट्रेनों और स्टेशनों पर लगातार जांच की जा रही है ताकि नशे आदि पर प्रतिबंध लगाया जा सके। इसी कड़ी में उनकी टीम अंबाला कैंट स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान दोपहर लगभग एक बजे ट्रेन नंबर 11057 मुंबई से चलकर अमृतसर जाने के लिए दादर एक्सप्रेस प्लेटफार्म 7 पर पहुंची। टीम के सदस्य तुरंत ट्रेन में चेकिंग के लिए सवार हुए। जब वो जरनल कोच में पहुंचे और वहां जांच की तो उन्हें सीट के नीचे एक प्लास्टिक का कट्टा नजर आया।
आसपास बैठे यात्रियों से जब कट्टे के बारे में पूछताछ की गई तो कोई भी जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद कट्टे को ट्रेन से प्लेटफार्म पर उतार लिया। ट्रेन के जाते ही जब कट्टे को खोलकर जांच की गई तो इसके अंदर से गांजा बरामद हुआ। वजन करने के बाद यह 12 किलो 700 ग्राम गांजा पाया गया। इस संबंध में अंबाला कैंट के जीआरपी थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। इससे पहले भी 2 जनवरी को सीआईए ने उत्तरप्रदेश कासगंज निवासी सूर्य प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया था जोकि अफीम को पंजाब में सप्लाई देने के लिए आया था। उसके कब्जे से 90 हजार रुपये की 400 ग्राम अफीम जब्त की थी।