अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। गांव मौजगढ़ में एक नाबालिग लड़की की शादी करवाने के चलते पुलिस ने दूल्हे समेत 10 लोगों पर मामला दर्ज किया है। मामला 14 फरवरी का है। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक शादी संपन्न हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार गांव मौजगढ़ की एक लड़की की शादी गांव अजरावर जिला कुरुक्षेत्र निवासी गुरविंदर के साथ तय हुई थी। शादी की रस्में पूरी की जाने लगीं तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि जिस लड़की की शादी हो रही है, वह नाबालिग है। इसी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक शादी हो चुकी थी। इसी दौरान बाल संरक्षण अधिकारी मेघा सिंगला भी पहुंच गई और जानकारी हासिल की। इस दौरान लड़की के पिता गुरमेल सिंह से लड़की की उम्र के बारे में जानकारी मांगी, तो उन्होंने आधार कार्ड दिखाया। उसके हिसाब से उम्र 18 साल बनती थी, लेकिन जब अधिकारियों की संतुष्टि नहीं हुई, तो उन्होंने लड़की की शैक्षणिक योग्यता का सर्टिफिकेट अथवा जन्म प्रमाणपत्र मांगा। जब इन कागजातों को चेक किया गया, तो पाया कि लड़की की उम्र 17 साल तीन दिन बन रही थी। इस पर जब लड़की के परिजनों से जवाब मांगा तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। मुलाना पुलिस ने शिकायत के आधर पर लड़का व लड़की पक्ष के करीब 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएचओ मुलाना हरभजन सिंह ने कहा कि इस मामले में लड़की के पिता गुरमेल सिंह, माता बलविंद्र कौर, चाची जसविंद्र कौर, मौसा परमजीत सिंह निवासी मौजगढ़ व लड़का पक्ष लड़का (दूल्हा) गुरविंद्र, चाचा बलविंद्र सिंह, सतविंद्र सिंह, बहन, नाना व नानी निवासी अजरावर जिला कुरुक्षेत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस संबंध में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।