अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों ने लगाए डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। घायल युवक की शुक्रवार रात को शहर के नागरिक अस्पताल में बने ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने कहा कि उन्हें युवक की मौत की जानकारी शनिवार सुबह मिली। उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और पीएमओ को शिकायत देने की बात कही। शाम तक किसी ने भी मामले में पीएमओ को शिकायत नहीं दी थी। अस्पताल में मौजूद परिजनों का कहना था कि 28 वर्षीय जितेंद्र शुक्रवार को शीशा लगने से घायल हो गया था, मगर जिला मोहाली की हंडेसरा पुलिस का कहना है कि मामला सड़क दुर्घटना है। शनिवार शाम को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
भाई ने कहा, बाजू में लगा था कांच
शहर नागरिक अस्पताल में मोहाली जिले के गांव सियोली निवासी जितेंद्र (28) को घायल अवस्था में शुक्रवार रात ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। शनिवार सुबह जितेंद्र के भाई कमलजीत ने बताया कि जितेंद्र की बाजू में कांच लगने से चोट लग गई थी। कमलजीत ने बताया कि डॉक्टरों ने प्रारंभिक इलाज के दौरान जितेंद्र को इंजेक्शन लगाया था। शनिवार सुबह जितेंद्र नहीं उठा और जब डॉक्टरों ने उसे चेक किया तो वह मृत पाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही बरती गई है।
पुलिस ने कहा, हुआ था सड़क हादसा
सिविल अस्पताल में मौजूद हंडेसरा थाना पुलिस के जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल गुरमुख सिंह ने कहा कि शुक्रवार शाम करीब सात बजे जितेंद्र बाइक से अपने गांव की ओर जा रहा था तो उस वक्त एक तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घायल अवस्था में उसे शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया था। जांच अधिकारी का कहना है कि शनिवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोट्स ..............
जितेंद्र नामक युवक को 21 दिसंबर की रात को अस्पताल में दाखिल किया गया था। उसकी बाजू में कांच लगा हुआ था। डॉक्टरों ने उसे उपचार देकर स्टेबल कर दिया था, लेकिन रात को उसने पानी पिया जो श्वास की नली से फेफड़ों में चला गया, वहीं (एस्पीरेशन) उसकी मौत का कारण बना हो सकता है। डॉक्टरों की ओर से कोई लापरवाही नहीं बरती गई।
-डॉ. विजय वर्मा, कार्यकारी आरएमओ, सिविल अस्पताल, अंबाला सिटी।