अंबाला क्लब में विजिलेंस ने की बिजली सप्लाई की जांच
फोटो-------46
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शहर के मॉडल टाउन स्थित अंबाला क्लब में शुक्रवार को बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने बिजली की चेकिंग को लेकर रेड की। जानकारी मिली है कि क्लब में कुछ दिन पहले एक मोबाइल टावर लगाया गया है। उसकी जांच के लिए टीम यहां पहुंची थी। हालांकि क्लब में पहुंचे मीडिया कर्मियों को इस टीम के अधिकारियों ने कुछ नहीं बताया। वे बार-बार यही दोहराते रहे कि वे रूटीन चेकिंग के लिए आए हैं। वे जो भी यहां जांच करेंगे, उसकी रिपोर्ट बनाकर संबंधित एसडीओ को सौंप देंगे।
बता दें कि करीब 10 लोगों की टीम सुबह 11 बजे अंबाला क्लब में जांच के लिए पहुंची। इस टीम ने मुख्य तौर पर यह जांचा कि टावर को सप्लाई वैध तौर पर हो रही है या नहीं। इसके अलावा मीटर, लोड आदि की जांच भी की। क्लब के पदाधिकारी भी मीडिया के समक्ष यही कहते रहे कि यह किसी की शरारत है, यहां सब कुछ सही चल रहा है। इस क्लब की प्रेसीडेंट अंबाला की डीसी हैं। इस बारे में एसडीओ मॉडल टाउन कमल पानरा ने बताया कि उनके पास अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं पहुंची, वह रिपोर्ट देखने के बाद ही कुछ कह सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि अंबाला क्लब के परिसर में बीती 13 अक्तूबर को एक निजी कंपनी का टावर लगाया जा रहा था तो वहां कंपनी के कर्मचारियों व अधिकारियों से कुछ लोगों ने मारपीट की थी तथा वहां काफी सामान क्षतिग्रस्त किया था। इस मामले में बाकायदा पुलिस केस भी दर्ज हुआ था और अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।