जल्द मिलेगी मल्टी लेवल पार्किंग की सौगात
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयासों से छावनी में 11.12 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। विजय रतन चौक के नजदीक बनाई जा रही इस पार्किंग में कुल 686 पिलरों का निर्माण किया जाएगा और अब तक 157 पिलर बनाए जा चुके हैं। 10 का निर्माण कार्य जारी है। पार्किंग की मजबूती के लिए इन पिलरों को भू-तल से 19 मीटर गहराई से तैयार किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री के मीडिया एडवाइजर डा. अनिल दत्ता ने बताया कि इस निर्माण कार्य के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने सरकार से राशि स्वीकृत करवाई है। नगर निगम के म्यूनिसिपल इंजीनियर हरीश कुमार ने बताया कि यह पार्किंग विजय रत्न चौक से कबाड़ी बाजार तक लगभग 700 फुट लंबे व 60 फुट चौड़े स्थान में बनाई जाएगी। इसका रैंप 8 मीटर चौड़ा होगा। उन्होंने बताया कि इस पार्किंग में वाहनों के प्रवेश के लिए दो रास्ते होंगे। पहला रास्ता स्टैंडर्ड होटल के साथ तिब्बत मार्केट वाले स्थान से तथा दूसरा रास्ता पुराने लोकल बस अड्डे से बनाया जाएगा।
पार्किंग में होगी लिफ्ट व सीढ़ियों की व्यवस्था
ऊपरी मंजिलों पर वाहन पहुंचाने वाले चालकों के नीचे उतरने और वाहन लेने के लिए दोबारा ऊपर जाने के लिए लिफ्ट व सीढ़ियों की व्यवस्था की जाएगी। यह लिफ्ट विजय रत्न चौक के नजदीक बने पुराने शौचालय को हटाकर उस स्थान पर बनाई जाएगी।
पहला फ्लोर होगा जमीन से 10 फुट ऊंचा
इस मल्टी लेवल पार्किंग का पहला फ्लोर भूमि से 10 फुट ऊंचा रखा जाएगा। इस पूरी पार्किंग में 300 से अधिक वाहनों को पार्क करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।