महिला की हत्या केस में मुख्य आरोपी अजय के दो सगे भाई गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़ (अंबाला)।
नारायणगढ़ क्षेत्र में लगभग एक महीने पहले महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया। दोनों को अदालत ने एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी देवेंद्र और अनिल कुमार इस मामले के मुख्य आरोपी अजय के सगे भाई हैं। रिमांड के दौरान अजय से पूछताछ के बाद इन दोनों को पकड़ा गया है।
ज्ञात रहे कि 22 फरवरी को नारायणगढ़ क्षेत्र के गांव उज्ज्ल के नजदीक सड़क किनारे झाड़ियों में महिला की लाश मिली थी। महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे, वहीं ऐसा प्रतीत हो रहा था कि इस महिला की हत्या गला घोंटकर की गई हो और लाश को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से यहां फेंका गया हो। जांच के दौरान सीआईए को उक्त महिला की पहचान मिल गई और उसकी शिनाख्त यूपी के हापुड़ क्षेत्र की शशि के रूप में हुई थी। मामले में पुलिस ने अजय निवासी नगला छिद्दू, जिला एटा (यूपी) को गिरफ्तार कर अदालत से पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है।
सीआईए ग्रामीण इंचार्ज कुलभूषण ने बताया कि पांच दिन के रिमांड पर लिए गए मुख्य आरोपी अजय से की गई पूछताछ के बाद उसके दो भाईयों की संलिप्तता सामने आई थी, इसके बाद देवेंद्र और अनिल कुमार को शुक्रवार देर सायं गिरफ्तार किया था, जिन्हें शनिवार को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सीआईए इंचार्ज ने बताया कि अभी इस मामले में वह कार भी बरामद करनी है जो वारदात में इस्तेमाल की गई थी।