दो महिलाओं के ब्लाइंड मर्डर मामले में जानकारी लेने पहुंचीं महिला आयोग सदस्य नम्रता गौड़
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य नम्रता गौड़ ने नारायणगढ़ क्षेत्र का दौरा कर गत दिवस क्षेत्र में मिले दो महिलाओं के शव मामले की पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने दोनों महिलाओं की हत्या तथा पहचान का सुराग लगाने से संबंधी पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही के बारे में पुलिस अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। गौड़ ने गांव उज्जल माजरी तथा कालाअंब के उन स्थानों का मौका मुआयना भी किया जहां पर अज्ञात महिलाओं के शव हत्या मिले थे।
उन्होंने डीएसपी नारायणगढ़ राजबीर सिंह, थाना प्रभारी यशदीप सिंह, सीआईए इंस्पेक्टर कुलभूषण तथा कालाअंब चौकी प्रभारी रामबिलास और सेक्टर चार हुड्डा पुलिस चौकी प्रभारी ब्रह्मदत के साथ रेस्टहाउस में बैठक कर पुलिस की जांच से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने सुझाव दिया कि मृतक महिलाओं की शिनाख्त के लिए आधार से फिंगर, थंब इंप्रेशन से पहचान की कोशिश की जाए। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यहां पर आधार कार्ड का साफ्टवेयर अपडेट नहीं है जिससे फिंगर और थंब इम्प्रेशन से पहचान हो पाए। जिस पर महिला आयोग की सदस्य नम्रता गौड़ ने आधार कार्ड बनाने वाले सुरेंद्र सिंह को बुलाकर इस बारे में जानकारी प्राप्त की तो उन्होंने बताया कि यहां पर आधार का सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं है। जो साफ्टवेयर है उससे आधार या मोबाइल नंबर अथवा व्यक्ति के नाम के द्वारा ही व्यक्ति की पहचान संबंधी जानकारी आधार द्वारा मिल सकती है। उन्होंने निर्देश दिये कि वह इस बारे में आधार के मुख्यालय को पत्र लिखे और उसकी प्रति उन्हें भी भेजी जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुझाव दिया कि वह अंबाला या अन्य किसी स्थान से आधार कार्ड के अपडेट सॉफ्टवेयर की व्यवस्था करके इन दोनों महिलाओं की पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश करें।
बैठक में डीएसपी राजबीर सिंह ने उन्हें बताया कि दोनों महिलाओं की शिनाख्त वारदात का सुराग लगाने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई है। इसके लिए सोशल मीडिया व लोगों से संपर्क करके भी जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द इस वारदात की गुत्थी को सुलझाया जा सके और महिलाओं की पहचान हो पाए। सदस्य ने नागरिक अस्पताल में स्थित शवगृह में रखी मृतक महिलाओं के शव का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि शवगृह में एक ही एसी और एक ही एसी बॉक्स है जोकि और होने चाहिए। इस दौरान उनके साथ एडवोकेट अलका शारदा भी मौजूद थी।