अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। मासूम बच्ची वैष्णवी के अपरहण व हत्याकांड मामले में सोमवार को उसके परिजन डीएसपी से मिले और उन्होंने आरोपी के दोनों जीजाओं की अपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की मांग उठाई।
सोमवार को वैष्णवी के परिजन अमित सूद, मीनाक्षी सूद, धर्मेश सूद, वीणू सूद व अन्य लोग डीएसपी सुरेश कौशिक से मिले। उन्होंने कहा कि आरोपी किशोर के दो जीजा जोकि दिल्ली में रहते हैं उनकी पृष्ठभूमि जांची जाए। परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी किशोर अकेले 20 लाख रुपये की फिरौती नहीं मांग सकता और इस मामले में दिल्ली में रहने वाले उसके दोनों जीजाओं का हाथ हो सकता है। डीएसपी सुरेश कौशिक ने बातया कि इस मामले में सीआइए -टू निष्पक्ष जांच कर रही है। यदि परिजनों को किसी पर शक है तो उसकी भी जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि महेश नगर क्षेत्र स्थित बोह की रहने वाली पांच वर्षीय वैष्णवी कुछ दिन पहले अपने घर से चाचा की दुकान पर उन्हें चाय देने के लिए निकली थी। इसी दौरान घर के नौकर के साले एवं 11वीं कक्षा के छात्र ने वैष्णवी का अपहरण कर 20 लाख रुपये फिरौती की मांग परिवार से की थी। हंगामा होने पर उसने पानी में वैष्णवी का सिर डूबोकर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद शव कूलर में छिपा दिया था। पुलिस ने पूरे मामले को अपहरण की रात ही ट्रेस कर लिया था, मगर तब तक वैष्णवी दम तोड़ चुकी थी। आरोपी नाबालिग को बाल गृह में भेज गया था।