पेज एक पर एंकर
फोटो नंबर : 1
क्लब ने तलाशा नया रास्ता, खुलेगा बार
फीनिक्स क्लब का बार खुलने के कागार पर
- नौ सदस्यीय कमेटी के कई सदस्य कर चुके फाइल पर हस्ताक्षर
- सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद बंद हुआ था कुछ माह पहले बार
20 अगस्त
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। शहर के प्रबुद्ध लोगों के सेंट्रल फीनिक्स क्लब में बार खोलने की कवायद रंग ला रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद नेशनल हाइ-वे की पांच सौ मीटर परिधि में आए बार को खोलने के लिए क्लब प्रबंधन ने नया रास्ता तलाश लिया है। बार के रास्ते को अब घुमावधार बनाने के साथ-साथ अब नया गेट बनाया गया है जिससे पांच सौ मीटर की परिधि को तोड़ा जा सके। क्लब द्वारा यह माथा पच्ची क्लब को हो रहे लगातार वित्तीय नुकसान को पूरा करने के लिए की जा रही है।
कुछ माह पहले सुप्रीम कोर्ट ने जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए नेशनल हाइवे से पांच सौ मीटर की परिधि में आने वाले शराब ठेके व बार बंद करने के आदेश दिए थे। इन आदेशों की पालना करते हुए आबकारी विभाग ने नेशनल हाइवे से कुछ दूरी पर स्थित फीनिक्स क्लब के बार को बंद करवा दिया था। 900 सदस्यों वाले क्लब में आय का मुख्य साधन ही बार था, मगर इसपर ताला लगने से अब क्लब को लगातार नुक्सान हो रहा है। इसी नुक्सान को पूरा करने के लिए क्लब प्रबंधन ने प्रयास आरंभ किए और बार के रास्ते को पांच सौ मीटर परिधि से दूर करने पर कार्य आरंभ किया। बार हालांकि पुरानी जगह पर ही है, मगर क्लब का नया प्रवेश द्वार बनाकर रास्ते को घुमावदार बनाया गया है। पुराने सभी रास्तों को क्लब प्रबंधन द्वारा फिलहाल बंद कर दिया गया है।
डीसी ने गठित की थी नौ सदस्यीय कमेटी
क्लब प्रबंधन ने क्लब बार को निर्धारित दूरी पर बनाकर मामले की फाइल क्लब के उपाध्यक्ष एवं डीसी के समक्ष प्रस्तुत की थी जिसके बाद डीसी ने बार खोलने की मंजूरी प्रदान करने के लिए नौ सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस नौ सदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष एडीसी है जबकि एसडीएम व अन्य अधिकारी इसके सदस्य है। सभी नौ सदस्यों के फाइल पर हस्ताक्षर होने के बाद ही बार खोलने की अनुमति क्लब को मिलेगी। बताते हैं कि कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंच जांच पूरी कर ली है और इसकी मंजूरी भी दे दी है, मगर अंतिम मंजूरी डीसी से मिलनी है जिसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह है गणित
सुप्रीम कोर्ट ने पांच सौ मीटर परिधि की शर्त रखी थी। नेशनल हाइवे से फीनिक्स क्लब परिसर की दूरी तो कम है, लेकिन अब नया रास्ता बनाकर बार रूम की दूरी को पांच सौ मीटर से ज्यादा कर दिया है। कोर्ट आदेशों में भी हाइवे से बार की 500 मीटर दूरी का मापदंड तय किया गया था।
कोट्स
क्लब में बार खोलना इस समय जरूरी है और इसके लिए पूरी जोरशोर से कार्रवाई की जा रही है। मंजूरी जल्द ही मिलने की संभावना है। निर्धारित दूरी पर तय मानकों के अनुरूप बार को बनाया गया है और प्रशासनिक अधिकारी इसका मुआयना भी कर चुके हैं। उम्मीद है कि आगामी एक सप्ताह में बार पुन: खुल सकता है।
तरूण दुआ, चेयरमैन,
सेंटल फीनिक्स क्लब, अंबाला।
--------------------