अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा का अनिश्चितकालीन धरना 36वें दिन भी जारी रहा। इसकी अध्यक्षता पशुपालन विभाग के प्रधान राजेश शर्मा व संचालन राजू राम ने की।
पशुपालन विभाग की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन राज्य प्रधान कृष्ण सागर के नेतृत्व में जिला प्रधान राजेश शर्मा, गुरजीत सिंह, नछतर सिंह, तारा चंद, प्रवीन कुमार, रामसरुप, श्याम लाल कमल, कृष्ण, सतपाल व जगदीश चन्द ने धरने का समर्थन करते हुए मटका फोड़ प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय किसान सभा व रोडवेज के पूर्व राज्य प्रधान जयप्रकाश बैनीवाल और पानीपत से रिटायर कर्मचारी संघ हरियाणा के मुख्य सलाहकार दिलावर सिंह राठी सहित इंटक यूनियन के महासचिव महावीर मालिक, वरिष्ठ उपप्रधान रितु प्राण कैशियर जगतार सोढी, युवा इंटक हरियाणा के चेयरमैन व राष्ट्रीय महासचिव रामकरण हुड्डा ने भी धरने का समर्थन किया।
बिल्डिंग क्लर्क ने ज्यादा राशि की खर्च
डिपो प्रधान रमेश श्योकंद ने आरोप लगाया कि आरटीआई के माध्यम से जानकारी मिली है कि 1 अप्रैल 2017 से मार्च 2018 तक बिल्डिंग क्लर्क द्वारा 2267475 रुपये खर्च किए गए व नाजिर द्वारा 6643846 राशि खर्च की गई है जबकि मुख्यालय के आदेश हैं कि एक महीने में नाजिर 75000 व बिल्डिंग क्लर्क 25000 खर्च कर सकते हैं। इनके खिलाफ लंबे समय से विजिलेंस जांच चल रही और मुख्यालय के आदेश हैं कि जिस कर्मचारी के खिलाफ जांच चल रही है उनको मुख्य सीटों पर नहीं लगाया जा सकता, लेकिन ये कर्मचारी आज भी इन्हीं सीटों पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि यूनियन मांग करती है कि सरकार व विभाग के उच्च अधिकारी इसकी जांच कर भ्रष्टाचार में शामिल कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करें।