ट्रक से भिड़ी बोलेरो, अस्थियां लेकर जा रहे परिवार के आठ लोग घायल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
बुजुर्ग की अस्थियां हरिद्वार प्रवाहित करने जा रहा परिवार बुधवार देर रात जगाधरी रोड पर गांव खुड्डा के पास हादसे का शिकार हो गया। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी जिससे गाड़ी में सवार आठ लोग घायल हो गए। इस दौरान मौके से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस की मदद से घायलों को कैंट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। वहीं हादसे को अंजाम देने वाला ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी मुताबिक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा निवासी 40 वर्षीय चमन लाल परिवार सहित अपनी मां की अस्थियां लेकर हरिद्वार जा रहे थे। हादसे में घायल चालक 42 वर्षीय कुलदीप ने बताया कि वह शाम पांच बजे कांगड़ा से चले थे और अंबाला में मध्य रात डेढ़ बजे जैसे ही वह खुड्डा गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में चमन लाल के अलावा उनकी 37 वर्षीय पत्नी रजनी, 15 वर्षीय बेटा रोहित, चमन लाल की बहन 35 वर्षीय अनु, अनु का 40 वर्षीय पति सुनील कुमार, अनु का बेटा नमन और चमन लाल का 37 वर्षीय जीजा अंदल घायल हो गए। घायलों को कैंट सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां वह खतरे से बाहर हैं। हादसे में गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक बिस्कुट के पैकेट से भरा था जोकि सड़क किनारे पलट गया। हादसे में दो नन्हें बच्चे अंशुल व यश्वी को मामूली चोटें लगी।