हादसे में इकलौते बेटे की मौत के बाद मां ने फाउंडेशन बना लोगों को जागरूक करने का लिया संकल्प
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
सड़क हादसे में इकलौते बेटे की मौत के बाद मां ने टूटने की बजाय लोगों को रोड सेफ्टी के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। बेटे सन्नी आहलुवालिया के नाम से फाउंडेशन का गठन कर परिजन अब लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। इसी तरह चंद्रपुरी के गगन सेठी भी दोस्त अमित की हादसे में मौत के बाद वाहनों पर रेडियम टेप लगाकर रोड सेफ्टी को लेकर जागरूकता फैला रहे हैं। भले ही रोड सेफ्टी को लेकर कई लोग गंभीर नहीं हो लेकिन किसी अपनों के खोने के बाद लोगों को रोड सेफ्टी के प्रति जागरूक कर रहे हैं सन्नी आहुवालिया का परिवार ताकि किसी अन्य परिवार का चिराग ऐसे किसी हादसे में न बुझे। फाउंडेशन द्वारा उन युवाओं को राज्य स्तर पर अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे जो हादसों में घायल लोगों का जीवन बचा रहे हैं।
साल 2015 में चार युवाओं की हुई थी मौत
कैंट में जीटी रोड पर जुलाई 2015 में हुए भीषण सड़क हादसे ने अंबाला निवासियों को झकझोर कर रख दिया। हादसे में कार सवार चार युवाओं की मौत हुई थी जिसमें चमन वाटिका स्कूल से पासआउट 12वीं कक्षा के छात्र सन्नी आहलुवालिया की भी मौत हो गई थी। यह हादसा परिवार पर पहाड़ की तरह टूटा, मगर हिम्मत और दृढ़ संकल्प लेते हुए परिवार ने इस हादसे को एक चुनौती की तरह लिया। सन्नी आहलुवालिया के नाम से सन्नी आहलुवालिया चैरिटेबल फाउंडेशन की स्थापना की गई।
सन्नी की मां हन्नीप्रीत आहलुवालिया बताती है कि हादसे के बाद परिवार ने तय किया कि वे अब जागरूकता अभियान चलाएंगे और इसी वजह से फाउंडेशन का गठन किया गया। फाउंडेशन अब तक रोड सेफ्टी के लिए कई काम कर चुका है। स्कूलों में रोड सेफ्टी प्रतियोगिताओं के साथ-साथ फर्स्ट एड प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अब फाउंडेशन द्वारा उन युवाओं को राज्य स्तर पर अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे जो हादसों में घायल हुए लोगों का जीवन बचाने का काम कर रहे हैं। हन्नीप्रीत आहलुवालिया बताती है कि हादसे में 50 से 60 प्रतिशत तक दम तोड़ने वाले व्यक्तियों को समय रहते प्राथमिक चिकित्सा नहीं मिल पाती, इसको लेकर ही जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
इधर हादसे में खोया दोस्त, अब वाहनों पर लगा रहे रेडियम टेप
चंद्रपुरी निवासी गगन सेठ ने तीन साल पहले हादसे में 26 वर्षीय दोस्त अमित को खो दिया था। अमित कैथल के पास हादसे का शिकार हो गया था। हादसे ने अमित के दोस्त गगन सेठ को झकझोरा तो गगन सेठ अब वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ-साथ वाहनों पर रेडियम टेप लगा रहे हैं। पेशे से बाइक स्पेयर पार्ट्स बेचने का काम करने वाले गगन स्कूटर की डिग्गी में टेप और ब्लेड रखते हैं और जहां पर भी जरूरत पड़े इसे निकाल वाहनों के पीछे लगा देते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक सैकड़ों वाहनों पर वह टेप लगा चुके हैं, इसके अलावा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का आह्वान करते हैं और हेलमेट के पीछे भी रेडियम टेप लगाकर जागरूकता फैला रहे हैं।
अंबाला पुलिस ने भी वेलेंटाइन डे को अनोखे अंदाज में मनाते हुए लोग अपनों के लिए सुरक्षित घर पहुंचे, इसी बात का संदेश देने के लिए वाहन चालकों को गुलाब के फूल देकर उन्हें यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। पुलिस के हाथों फूल लेने वाले वाहन चालकों ने इस पहल के लिए पुलिस का शुक्रिया अदा किया और भविष्य में ट्रैफिक नियमों की पालना का भरोसा दिया।