अब राशन कार्ड के लिए वसूली जाएगी फीस
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अलग-अलग प्रकार के राशन कार्डों के लिए फीस निर्धारित की गई है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक निशांत राठी ने बताया कि विभाग द्वारा गरीबी रेखा से ऊपर जीवनयापन करने वाले परिवारों के लिए हरे रंग, बीपीएल परिवारों के लिए पीले रंग और अंत्तोदय योजना श्रेणी के परिवारों के लिए गुलाबी रंग के राशन कार्ड छपवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि एपीएल राशन कार्ड बनवाने के लिए विभाग द्वारा 20 रुपये फीस निर्धारित की गई है जबकि अन्य प्राथमिक परिवारों के लिए निर्धारित खाकी रंग का कार्ड बनवाने के लिए 15 रुपए फीस ली जाएगी। बीपीएल परिवारों के लिए निर्धारित पीले रंग के कार्ड प्राप्त करने के लिए 10 रुपए तथा अंत्तोदय अन्न योजना में शामिल परिवारों के गुलाबी राशन कार्ड के लिए 5 रुपये फीस निर्धारित की गई है। इसके अलावा विभाग ने राशन कार्ड संबंधी अन्य कार्यों के लिए भी पांच रुपये फीस निर्धारित की है। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति राशन कार्ड बंद करवाने का प्रमाण पत्र लेना चाहता है या राशन कार्ड में किसी परिवार के सदस्य का नाम दर्ज करवाना चाहता है अथवा किसी राशन कार्ड का स्थानांतरण करवाना चाहता है अथवा राशन कार्ड जमा करने के लिए प्रार्थना पत्र का प्रारूप लेना चाहता है तो इन सभी सेवाओं के लिए 5 रुपये फीस निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि यदि विभाग का कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी निर्धारित फीस से अधिक की मांग करता है तो उसकी सूचना एएफएसओ, डीएफएसओ अथवा डीएफएससी कार्यालय में दी जा सकती है।