भाई को राखी बांधकर लौट रही महिला हादसे में घायल
- हादसे में महिला का पति भी हुआ जख्मी, दोनों अस्पताल में दाखिल
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। राखी के त्योहार से एक दिन पहले अपने भाई को राखी बांधकर लौट रही महिला सड़क हादसे में घायल हो गई। हादसे में महिला का पति भी जख्मी हुआ है, जबकि दोनों सिटी सिविल अस्पताल के ट्रामा सेंटर में दाखिल हैं।
खन्ना के पटियां क्षेत्र के रहने वाले बलविंदर सिंह अपनी पत्नी प्रभजोत कौर के साथ अपनी ससुराल शाहाबाद के गांव मदनपुर आए थे। यहां पर प्रभजोत कौर ने अपने भाइयों को राखी बांधी और फिर अपने पति संग बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल के लिए चल पड़ी। सिटी में किंगफिशर के नजदीक उनकी बाइक के आगे चल रही एक कार ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बाइक कार से टकरा गई, जबकि दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से सिटी सिविल अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां दोनों का उपचार किया जा रहा है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को काबू किया।