सड़क हादसों में युवक की मौत, दंपति घायल
मुलाना। दो अलग-अलग सड़क हादसों में जहां एक युवक की मौत हो गई, वहीं दंपति जख्मी हो गया। घायलों को अस्पताल में लाया गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक जहां वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।
अंबाला-जगाधरी मार्ग पर स्थित धीन गांव के पास एक कंटेनर ने मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में लिया। सिंबला का रहने वाला विक्रम सैणी (24) अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से यमुनानगर जा रहा था। विक्रम जैसे ही धीन गांव के पास पहुंचा तो सामने से दूसरी साइड में चल रहा कंटेनर अचानक तेज गति से उसकी साइड में आ गया। इससे पहले कि विक्रम संभल पाता कंटेनर विक्रम सहित उसकी मोटरसाइकिल पर से गुजरता हुआ सड़क किनारे बने गड्ढों में जा पलटा। विक्रम बुरी तरह कुचला गया। राहगीरों ने विक्रम को तुरंत नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां डाक्टरों ने विक्रम को मृत करार दिया। वहीं हादसे को अंजाम देने वाला कंटेनर चालक कंटेनर को छोड़ मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गई, जिसे मुलाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दुरुस्त कराया। मृतक विक्रम के पिता रिषि पाल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर मुलाना पुलिस ने कंटेनर चालक की खोज शुरू कर दी। जांच अधिकारी कमलजीत सिंह ने इसकी पुष्टि की।
उधर, एक अन्य हादसे में कार की टक्कर से एक्टिवा पर सवार दंपति घायल हो गया। हादसा अंबाला-जगाधरी रोड स्थित मारकंडा पुल के पास हुआ। पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है। रमेश वासी धीन रविवार की छुट्टी के कारण वह अपनी पत्नी रेशमी व बच्चे सहित एक्टिवा पर सवार होकर अपने घर धीन जाने लगा। रमेश को मारकंडा पुल से पहले ही किसी कारण से मार्ग पर ही रुकना पड़ा, जहां उसने एक्टिवा बंद कर दी। उसके आगे भी मार्ग पर एक कार खड़ी थी, जिसमें रवि वासी खन्ना पंजाब अपने परिवार सहित सवार थे। अचानक ही पीछे से एक कार आई व एक जोरदार टक्कर एक्टिवा को दे मारी, टक्कर लगते ही एक्टिवा आगे खड़ी रवि की कार से जा टकराई। एक्टिवा सवार रमेश व उसकी पत्नी रेशमी अपने बच्चे सहित मार्ग पर जा गिरे। रेशमी व रमेश को हादसे में ज्यादा चोटें लगी हैं वहीं छोटे बच्चे को हल्की खरोंचें आई हैं । घायलों को राहगीरों ने नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया। मौके पर मुलाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।