अंबाला। छावनी के शाहपुर में ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान (आईडीटीआर) और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए 11 एकड़ से अधिक भूमि की रजिस्ट्री परिवहन विभाग के नाम करा दी गई है। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए एक सप्ताह के भीतर नामी ऑटोमोबाइल कंपनी अशोक लेलैंड के साथ समझौता होने की संभावना है।
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने यह जानकारी दी। परिवहन मंत्री ने कहा कि अब स्थानीय युवाओं को अनिवार्य ड्राइविंग ट्रेनिंग के लिए दूर नहीं भटकना पड़ेगा। इससे सैंकड़ों नए रोजगार सृजित होंगे।
हर हफ्ते 300 वाहनों की होगी फिटनेस जांच : अनिल विज ने बताया कि इस ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन पर आधुनिक मशीनों के जरिए प्रति सप्ताह लगभग 300 वाहनों के फिटनेस की वैज्ञानिक जांच की जाएगी। इस स्टेशन से जारी होने वाला फिटनेस सर्टिफिकेट पूरे भारत में वैध होगा। संवाद