अंबाला सिटी। सिटी से सटे खतौली गांव स्थित भगवान श्री परशुराम गोशाला में पांच नवंबर को गोमाता को राष्ट्रीय माता का सम्मान दिलवाने के लिए 108 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। गोशाला के प्रधान देवी लाल ने बताया कि मंगलवार को कार्यक्रम के कार्ड का विमोचन किया। इसमें पंडित गोपालाचार्य स्वामी गोपालानंद सरस्वती महाराज, श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के राष्ट्रीय संयोजक श्री श्री 108 पारसनाथ महाराज गद्दी नशीन टीला गुरु गोरक्षनाथ सहित अनेक संत-महात्मा भाग लेने के लिए पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज रहेंगे। हवन कार्यक्रम के संचालक आचार्य गोपाल शर्मा संस्थापक वैदिक वाटिका आश्रम भंभौली यमुनानगर होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व केन्द्रीय मंत्री विनोद शर्मा करेंगे। प्रधान देवी लाल ने बताया कि हवन का कार्यक्रम सुबह नौ से 11 बजे तक रहेगा। आशीष वचन 11 से 12 बजे तक, वक्तव्य 12 से एक बजे तक रहेगा। तत्पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन होगा। कार्यक्रम से पूर्व चार नवंबर को विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर चेयरमैन अरूण राणा, संस्थापक प्रधान देवी लाल, सहसंस्थापक पवन गर्ग, संरक्षक शीशपाल मोर व प्रमोद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।