माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। बुधवार को उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कैंप कार्यालय स्थित सभागार में जिला खेल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला खेल अधिकारी रामस्वरूप ने बताया कि सत्र 2026-27 के दौरान जिले में कुल 41 खेल नर्सरियां संचालित की जा रही हैं।
इनमें 18 विभागीय प्रशिक्षकों के अधीन तथा 23 सरकारी शिक्षण संस्थानों व ग्राम पंचायतों के स्तर पर चल रही हैं, जहां 1,025 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। विभाग की ओर से 8 से 14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 1,500 रुपये और 15 से 19 आयु वर्ग को 2,000 रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इसके अलावा खेलो इंडिया के लघु केंद्र में 35 खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। जिला स्तरीय खेल महाकुंभ के तहत 30 खेलों के ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची निदेशालय को भेजी जा चुकी है।
अंबाला को तैराकी और जिम्नास्टिक की मेजबानी प्रस्तावित
खेल विभाग द्वारा जल्द ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं करवाई जानी हैं, जिनमें अंबाला को तैराकी और जिम्नास्टिक की मेजबानी मिलना प्रस्तावित है। डीसी ने इन आयोजनों की तैयारियां समय रहते पूरी करने के आदेश दिए। उपायुक्त ने अंबाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम, आनंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-10 स्थित खेल स्टेडियम और नारायणगढ़ के बड़ागढ़ स्टेडियम के साथ-साथ साहा, लाहा, सरकपुर, बिचपड़ी, खतौली व मोहड़ा के खंड स्तरीय खेल परिसरों के रखरखाव की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन एथलेटिक्स ट्रैक और हॉकी एस्ट्रोटर्फ के कार्यों को निर्धारित समय और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।