छुट्टी के बाद घर लौट रहे दूसरी कक्षा के छात्र से युवक ने किया कुकर्म, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रहे दूसरी कक्षा के छात्र से 21 वर्षीय युवक द्वारा कुकर्म करने का मामला सामने आया है। बच्चे को घर छोड़ने का झांसा देते हुए युवक ने बाइक पर बिठाया और झाड़ियों में ले जाकर कुकर्म किया। इसके बाद छात्र को घर से थोड़ी दूर छोड़कर आरोपी फरार हो गया। घर पहुंचने पर सहमे छात्र ने परिजन को सारी बात बताई। इसके बाद परिजन पड़ाव थाने में पहुंचे, जहां देर रात पुलिस ने सेक्टर-34 निवासी राजेश के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
महिला ने बताया कि उसका सात वर्षीय बेटा उसके घर के पास ही स्थित गांव के एक स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र है। दोपहर को वह स्कूल से छुट्टी के बाद घर आ रहा था। बीच रास्ते में उसे राजेश नामक युवक मिला। आरोप है कि राजेश ने बच्चे को बाइक पर घर छोड़ने को कहा, जिसके बाद वह बाइक पर राजेश के साथ बैठ गया। इसी बीच एक अन्य छात्र ने घर आकर बच्चे की मां को बताया कि उनका बेटा बाइक पर राजेश के साथ गया है। कुछ समय बाद राजेश बच्चे को घर से कुछ दूरी पर छोड़ गया। आरोप है कि राजेश ने बच्चे को इस दौरान यह भी धमकाया कि वह घर पर कुछ न बताए। मगर डरा सहमा बच्चा जब घर पहुंचा तो परिजनों ने उसे बातचीत की, जिसके बाद उसने माता-पिता को बताया कि उसके साथ युवक गलत हरकतें कर रहा था। क्षेत्र के लोग इस मामले को लेकर पहले राजेश के घर गए, मगर राजेश घर नहीं मिला। फिर कुछ समय बाद जब वह वापस आया तो उससे भी पूछताछ की गई, मगर परिवार के समक्ष वह मुकर गया। इसके बाद परिजनों ने शाम को मामले की शिकायत पड़ाव थाने में की। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने रात कैंट सिविल अस्पताल में बच्चे और राजेश का मेडिकल कराया। इसके बाद मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।