अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अमित झा ने रविवार को सिविल अस्पताल अंबाला छावनी के निर्माणाधीन भवन की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को लंबित कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वे एक सप्ताह के उपरांत स्वयं कार्य का पुन: निरीक्षण करेंगे और विभाग के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य चौधरी निरंतर कार्य पर नजर बनाए रखेंगे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, लोक निर्माण विद्युत शाखा और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपातकालीन खंड और आईपीडी के शेष कार्यों को जल्द पूरा करें। अस्पताल में लिफ्टें लगाने, तीसरी और चौथी मंजिल पर एसी इत्यादि लगाने, निर्माण और विद्युत संबंधी शेष कार्य तथा जल आपूर्ति संबंधी कार्यों को विशेष प्राथमिकता पर पूरा करें। इस अवसर पर एनएचएम की मिशन निदेशक अमनीत पी कुमार, उपायुक्त शरनदीप कौर बराड़, एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग, नगर निगम संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह, स्वास्थ्य विभाग के उप महानिदेशक राजीव वडेरा, सिविल सर्जन डॉ. विनोद गुप्ता, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता अशोक शर्मा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता डीडी कंबोज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।