अंबाला कैंट। गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित टिंबर मार्केट निवासी महिला को उसके घर से गिरफ्तार किया। इस मामले में संलिप्त अन्य दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जिला खाद्य आपूर्ति विभाग निशांत राठी ने एक जून को थाना अंबाला छावनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी टिंबर मार्केट निवासी विपिन अग्रवाल व दो अन्य आरोपित महिलाओं ने मिलकर गैस सिलेंडर व गैस की कालाबाजारी का कार्य किया है। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्यवाही शुरू कर दी थी।
विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी
अंबाला कैंट। महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित गांव कौलां में विदेश भेजने के नाम पर कई युवकों से लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है। जैसे ही युवकों को ठगी का पता लगा तो उन्होंने पैसे मांगने चाहे। परंतु पैसे न मिलने पर व्यक्ति ने महेश नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। गांव कौलां निवासी राजकुमार का कहना है कि बैंक कालोनी के आरोपी गौरव व हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी बब्बू ने मिलकर बीती 15 मई को उससे, जगदीश, डिंपल, राम कर्ण, हैप्पी, मोनू, प्रेम कुमार, विक्की व नितिन कुमार को विदेश भेजने के नाम पर एक बड़ी रकम हड़पने की धोखाधड़ी की है। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज
अंबाला कैंट। शहजादपुर में सरकारी कार्य में बांधा डालने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा। थाना शहजादपुर में शिकायतकर्ता शहजादपुर एसडीओ संजय कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि शहजादपुर के ही आरोपी सतीश कुमार ने दो अगस्त को सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है और उससे व चेकिंग पार्टी के साथ दुर्व्यवहार किया है। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्यवाही शुरू कर दी है।
आत्महत्या के लिए मजबूर करने पर मामला दर्ज
अंबाला कैंट। परिवारिक कलह के कारण महिला द्वारा खुद को जलाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने के मामले में पुलिस ने एक महिला व तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि थाना पंजोखरा में तोपखाना परेड निवासी शिकायतकर्ता राहुल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि डिफेंस कॉलोनी के सेक्टर ए निवासी आरोपी संदीप कुमार, सुनील कुमार, रवि कुमार व आरोपित महिला मिलकर ने उसकी बहन को परेशान करते हुए आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया। तंग आकर बीती पांच अगस्त को उसकी बहन ने स्वयं को जलाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।