अंबाला सिटी। गांव चौडमस्तपुर में श्रावण मास के उपलक्ष्य पर शिव पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचक व्यास भाई प्रेम सागर पथिक ने कहा कि शिव पुराण की कथा कहने और सुनने से पहले सावधान रहना चाहिए, कुछ असावधानी आप के पुण्य का नाश कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि भगवान शिव से संबंधित बहुत सारे ग्रंथ हैं जिनमें उनके जीवन चरित्र, रहन-सहन, विवाह और उनके परिवार की उत्पत्ति के बारे में बताया गया है, लेकिन शैव मत से संबंधित शिव पुराण में भगवान शंकर के बारे में विस्तार पूर्वक वर्णन किया गया है। उन्होंने कथा सुनने के लिए कुछ सावधानियां बरतने के लिए भी कहा जिसमें मुख्य रूप से मन में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और आस्था का होना बहुत जरूरी है, किसी के प्रति द्वेष भाव को न रखना, किसी की निंदा, चुगली न करना व अन्य बातों का भी ध्यान रखना जरूरी है। इस अवसर पर श्याम लाल शर्मा, राम कुमार शर्मा, जयपाल शर्मा व अन्य उपस्थित रहे।