संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। जमीन के सौदे के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामगढ़ निवासी सतीश कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी कि 3 जनवरी 2024 को गांव ठाकुरपुरा स्थित 16 कनाल 2 मरला जमीन का सौदा 25.50 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से किया था। यह सौदा सुरजीत कौर, सर्वजीत सिंह और धनजीत सिंह निवासी डिफेंस कॉलोनी अम्बाला छावनी के साथ हुआ था। शिकायत के अनुसार उसने बयाना के रूप में 5 लाख रुपये दिए जिसमें 50 हजार रुपये नकद तथा 4.50 लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए गए। इसके बाद इकरारनामा के अनुसार मार्च 2024 में आरटीजीएस के जरिए अलग-अलग किश्तों में कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए गए। जमीन की रजिस्ट्री 20 मई 2024 को होनी तय थी, लेकिन लोकसभा चुनाव के कारण उस दिन रजिस्ट्री नहीं हो सकी।
प्रार्थी के अनुसारए आरोपियों ने 27 मई 2024 को रजिस्ट्री करवाने के लिए कहा, लेकिन वह तहसील मुलाना में इंतजार करता रहा और आरोपी वहां नहीं पहुंचे। बाद में पता चला कि आरोपियों ने वही जमीन बिना बताए किसी अन्य महिला को बेच दी। सतीश कुमार का आरोप है कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
26 जनवरी 2026 को जब वह अपने साथी के साथ आरोपियों के घर डिफेंस कॉलोनी कैंट पहुंचा तो वहां भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
पुलिस के अनुसार शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जांच के लिए थाना में भेजी गई थी। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।