जिले में कोरोना की दूसरी लहर की तबाही थमती नजर नहीं आ रही। माह के तीन दिनों में 29 लोगों की जान कोरोना ले चुका है। इनमें सोमवार को मारे गए 10 लोग भी शामिल हैं। मृतकों में अंबाला छावनी के पांच, शहर के 3 और मुलाना हलके के दो लोग शामिल हैं। इनमें बराड़ा का 80 वर्षीय बुजुर्ग, शालीमार कॉलोनी अंबाला शहर के 33 वर्षीय पुरुष, कंच घर अंबाला शहर की 49 वर्षीय महिला, चरखी मोहल्ला अंबाला शहर की 46 वर्षीय महिला, ओल्ड आलू गोदाम अंबाला कैंट का 64 वर्षीय पुरुष और 61 वर्षीय महिला शामिल है। मुलाना के गांव नोहनी की 75 वर्षीय महिला, शांति नगर अंबाला छावनी से 71 वर्षीय पुरुष, दुर्गा नगर अंबाला कैंट से 67 वर्षीय पुरुष और 60 वर्षीय महिला की सांस कोरोना ने छीन ली। अब तक जिले में कोरोना से 270 लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार को 379 नए केस आए।
125 मरीजों पर साढ़े चार टन ऑक्सीजन की खपत
ऑक्सीजन की बर्बादी रोकने और अन्य व्यवस्थाएं जांचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को मुलाना मेडिकल अस्पताल के कोविड वार्ड पहुंची। यहां पर भारी खामियां पाई गई। यहां 125 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। इन पर औसतन साढ़े चार टन ऑक्सीजन खपत हो रही है, जबकि होनी करीब दो टन चाहिए। जांच में पाया गया कि यहां भी मरीज मर्जी से ऑक्सीजन सिलिंडर बदल रहे थे। इतना ही नहीं फ्लो मीटर भी कई सिलिंडर के खराब पाए गए। इस पर टीम ने अस्पताल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए।
श्मशान के हाल
अंबाला शहर और छावनी के रामबाग श्मशान घाटों में सोमवार को कुल 25 चिताएं जलीं। इनमें से 14 के कोविड प्रोटोकाल के तहत संस्कार हुए। कोविड प्रोटोकाल के तहत दो संस्कार इलेक्ट्रिक मशीन से भी किए गए।
अमर उजाला की खबर का असर
बात दें कि ऑक्सीजन की बर्बादी किस तरह से हो रही है टीम अमर उजाला ने चार दिन पहले के संस्करण में इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। ऑक्सीजन की तुलाई में ढिलाई सांसें उखड़ने लगी तब याद आई शीर्षक से प्रकाशित समाचार में टीम अमर उजाला ने बताया था कि किस तरह बिना सिलिंडर खाली हुए दूसरा बदल दिया जाता था। इसके बाद अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में मैनीफोल्ड शुरू करवाया गया। अब मुलाना में निरीक्षण कर बर्बादी रोकने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि अंबाला शहर जिला नागरिक अस्पताल में 60 मरीजों पर ढाई टन खपत हो रही थी और छावनी में इतने ही मरीजों पर महज 1 टन खपत थी। इस तरह शहर अस्पताल में ढाई गुना ज्यादा ऑक्सीजन खपत हो रही थी जिसे खबर के बाद सही किया गया।
अस्पतालों में इस समय यह है हकीकत
जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में बेड नहीं है। मरीजों की जान बचाने के लिए सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें स्टेचर पर लेटाकर ऑक्सीजन देनी शुरू कर दी है, लेकिन अब वह लिमिट भी खत्म हो गई है। प्राइवेट अस्पताल संचालक को दो दिन पहले ही हाथ खड़े कर चुके हैं। ऐसे में अब केवल और केवल सरकारी अस्पताल का ही मरीजों का सहारा था लेकिन अब वह उम्मीद भी लगभग खत्म हो चुकी है। मरीज बढ़ते जा रहे हैं और व्यवस्था सिकुड़ती। जिले के किसी भी अस्पताल में कोविड मरीज के लिए इस समय वेंटिलेटर की व्यवस्था नहीं है। जिले के सरकारी अस्पतालों में 15, मुलाना मेडिकल कॉलेज में 20, मिशन अस्पताल में 5 वेंटिलेटर है जोकि इस समय फुल हैं। इसी तरह हीलिंग टच अस्पताल में भी करीब 10 वेंटिलेटर हैं जोकि कोरोना मरीजों के लिए अब खाली नहीं हैं। कुल 590 मरीज जिले में भर्ती हैं। इनमें से 500 की सांसें ऑक्सीजन, वेंटिलेटर और बाईपेप सपोर्ट के सहारे चल रही हैं।
कहां से आए नए केस
सोमवार को अंबाला शहर से 170, छावनी से 84, शहजादपुर से 16, मुलाना से 7, बराड़ा से 15, नारायणगढ़ से 8 और चौड़मस्पुर से 79 मरीज मिले। इनमें शिवाजी पार्क, सुल्तानपुर, बलाना, निर्मल विहार, बब्याल, कीर्ति नगर, अशोक विहार अंबाला सिटी, छोटा बाजार अंबाला सिटी, नवनीत नगर अंबाला शहर , हाउसिंग बोर्ड अंबाला सिटी, दयालबाग, केसरी, कमल विहार अंबाला शहर, रामनगर अंबाला शहर व अशोक नगर अंबाला कैंट से दो-दो, डिफेंस कॉलोनी, अजीत नगर, लाल कुर्ती, हीरा नगर अंबाला शहर, पंजोखरा साहिब, धनकौर, अग्रवाल कांप्लेक्स अंबाला कैंट, पुलिस लाइन अंबाला सिटी, वशिष्ट नगर अंबाला कैंट से 3-3 नए केस मिले हैं।
सेक्टर-9 में सबसे ज्याद मिले केस
रविवार के बाद सोमवार को फिर सेक्टर 9 से सबसे ज्यादा केस मिले। दो दिनों में यहां से 36 केस मिल चुके हैं। ऐसे ही हाल अन्य सेक्टर के भी हैं। सेक्टर आठ से 6, सेक्टर-7 और महेश नगर से 5-5, बलदेव नगर से 10, सबनपुर शहजादपुर से 9 व उगाला से 8 केस मिले हैं।
जिले में वैक्सीनेशन और सैंपलिंग की स्थिति
जिले में सोमवार तक 3 लाख 32517 सैंपल लिए जा चुके हैं। कोरोना वैक्सीनेशन की बात करें तो 2 लाख 36 हजार 338 को पहली व 64216 को दूसरी डोज भी लग चुकी है। कुल 3 लाख 584 डोज लग चुकी हैं। जिले में इस समय 3775 एक्टिव केस हैं। इनमें से 3125 अपने घरों में ही आइसोलेट हैं। 21 हजार 916 लोग संक्रमित हो चुके हैं। सोमवार को 218 केस डिस्चार्ज भी किए गए।
युवाओं ने दिखाया जोश
वहीं कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर युवाओं ने दूसरे दिन भी खूब जोश दिखाया। पहले दिन 530 को कोरोना वैक्सीन लगी थी तो सोमवार को यह आंकड़ा 2437 तक पहुंच गया। इस तरह करीब 1907 ने लॉकडाउन के बावजूद टीका लगवाकर अपना जोश दिखाया।