नारायणगढ़, शहजादपुर और बराड़ा के उपभोक्ताओं को अब अपने काम के लिए यमुनानगर के धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। इनकी समस्या का समाधान अंबाला में होगा। अंबाला से पंचकूला डिवीजन से अलग कर दिया गया है। पिछले माह तक अंबाला और पंचकूला एक ही डिवीजन का हिस्सा थे। इसी कारण अंबाला के कुछ क्षेत्रों नारायणगढ़, शहजादपुर और बराड़ा को यमुनानगर डिवीजन में डाल दिया गया था। ऐसा करने से इन क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं को समस्याओं के समाधान के लिए यमुनानगर जाना पड़ता था। लेकिन अब अंबाला को पंचकूला डिवीजन से अलग करके और अंबाला के इन हिस्सों को अंबाला डिवीजन में शामिल करने से इन उपभोक्ताओं की समस्याओं का निजात यहीं पर होगा।
---------------------------
कुल 2.72 लाख बिजली के कनेक्शन थे
एक सर्कल बनने से पूरे अंबाला जिले के करीब 1.20 लाख से ज्यादा कनेक्शन धारकों को इसका लाभ मिलेगा। इससे पहले अंबाला-पंचकूला डिवीजन में अंबाला छावनी हलका, शहर हलका व मुलाना हलके का ज्यादातर हिस्सा शामिल था। इसमें कुल 2.72 लाख बिजली के कनेक्शन थे। लेकिन शहजादपुर, नारायणगढ़ और बराड़ा का कुछ हिस्सा अंबाला में शामिल नहीं था। इस क्षेत्र में करीब 1 लाख 20 हजार से ज्यादा बिजली कनेक्शन हैं। इन सभी को अब सीधे तौर पर लाभ होगा। समस्याओं के निदान के लिए यमुनानगर एससी कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा।
-----------------------
10 एसडीओ संभालेंगे जिले व्यवस्था
जिले में बिजली व्यवस्था को संभालने के लिए 10 एसडीओ तैनात किए गए हैं। जोकि पूरे जिले की निगरानी रखेंगे। दो एक्सईएन और 1 एसई जिले की बिजली समस्याओं को दूर करवाने का कार्य करेंगे। हेल्पलाइन नंबर भी जिनपर शिकायत देकर बिजली से संबंधित शिकायत की जा सकती है और शिकायत आने के बाद बिजली से संबंधित शिकायतों का निपटान किया जाएगा।
-------------------------
बिजली संबंधित दिक्कतें आने पर यहां करें शिकायत
बिजली की समस्या के लिए टोल फ्री नंबर 1912 अथवा 18001801550 है। इसके अलावा बिजली की सुविधा की जानकारी के लिए 0171 2540124, 01712540125, 01712540126 व मोबाइल नंबर 9315118220 हैं।
----------------------
अंबाला जिले का एक सर्कल बना दिया है। अंबाला और पंचकूला जो पहले एक सर्कल था अब उसे अलग कर दिया गया है और नारायणगढ़, शहजादपुर और बराड़ा को अंबाला सर्कल में शामिल कर लिया है। इसके लिए अब लोगों को किसी भी शिकायत के लिए यमुनानगर नहीं जाना पड़ेगा।
- वीके बरनवाल, एसई, अंबाला बिजली सर्कल।