सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला कॉलेज में बुधवार को एक दिवसीय जोनल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में 240 युवाओं को नौकरी का ऑफर मिला। अधिकतम पैकेज ढाई लाख रुपये सालाना रहा। गौरतलब है कि इसमें दिल्ली-एनसीआर की 25 नामचीन कंपनियों ने हिस्सा लिया था।
गुड़गांव जोन के सरकारी कॉलेजों के लिए आयोजित इस मेले में सुबह से ही छात्रों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। फरीदाबाद, रेवाड़ी, पलवल, नारनौल और महेंद्रगढ़ से छात्र-छात्राएं अपने शिक्षकों के साथ बसों में आए। जबकि कंपनियां अपने तय समय से थोड़ी देरी र्से आइं।
जोन के 26 कॉलेजों के 1437 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
प्रोफेसर सुरेश धनेरवाल, जॉब संयोजक, राजकीय महिला कॉलेज ने कहा कि सभी छात्रों को मौका दिया गया। एक विद्यार्थी को तीन कंपनियों में साक्षात्कार देकर अपनी रुचि के हिसाब से नौकरी चयन करने का मौका दिया गया। इस बार अधिकतम ढाई लाख रुपये पैकेज ही छात्रों को मिल सका।