सपा की ओर से प्रत्याशी उतारने के बाद भाजपा के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव प्रतिष्ठा से जुड़ गया था। ऐसे में नामांकन के बाद से ही सांसद हरीश द्विवेदी, सदर विधायक दयाराम चौधरी, हर्रैया विधायक अजय सिंह, कप्तानगंज विधायक सीए सीपी शुक्ला, रुधौली विधायक संजय प्रताप जायसवाल और महादेवा विधायक रवि सोनकर चुनाव की रणनीति तैयार करने में जुट गए थे। वहीं, जब शनिवार को मतदान शुरू हुआ तो सांसद समेत सभी पांचों विधायक कलक्ट्रेट पहुंच गए। जब नतीजा आने के बाद जब भाजपा को एकतरफा जीत हो गई तो सभी चेहरे चमक उठे।
शांतिपूर्ण रहा मतदान, तैनात रहा भारी पुलिस बल
नामांकन के दौरान जिस तरह से भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं में टकराव की स्थिति पैदा हो गई। उसे देखते हुए मतदान के लिए कलक्ट्रेट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जिसके चलते मतदान और मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो गई।
कलक्ट्रेट की ओर जाने वाले शास्त्री चौक, गांधी कला भवन, पालिका मार्केट समेत सभी प्रवेश द्वारों पर बैरीकेडिंग कर दी गई थी। इस दौरान केवल जिला पंचायत सदस्यों और निर्वाचन से जुड़े कार्मिकों को ही जांच के बाद भीतर जाने की अनुमति दी गई। वहीं शहर में पुलिस टीम लगातार गश्त करती रही।