- पिता ने दी तहरीर, सिकरीगंज पुलिस कर रही मामले की जांच
सिकरीगंज। थाना क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे मंगलवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के पिता ने सिकरीगंज पुलिस को तहरीर देकर एक युवती और उसके परिवार के लोगों पर बेटे के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र निवासी सुग्रीव (22) का एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिजन का आरोप है कि चार सितंबर को सुग्रीव बिना बताए युवती से मिलने उसके घर गया था। वहां युवती के पिता और परिवार के लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उसकी पिटाई करने के बाद दोबारा दिखाई देने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी देकर छोड़ दिया गया। परिजन के मुताबिक, इसके बावजूद सुग्रीव आठ सितंबर की शाम करीब चार बजे साइकिल से युवती से मिलने के लिए दोबारा घर से निकला लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रात करीब 12 बजे सिकरीगंज पुलिस ने परिजनों को फोन कर एक्सप्रेसवे किनारे सुग्रीव का शव मिलने की जानकारी दी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल गोरखपुर भेज दिया था। सुग्रीव छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर का था। वह मजदूरी करता था। उसके पिता रामजी ने प्रेमिका और उसके परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।